रामपुर तिराहा कांड में घायल दो Uttarakhand आंदोलनकारियों को मिलेगी 20 हजार रुपये अतिरिक्त मासिक मदद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तराखंड सरकार ने रामपुर तिराहा कांड में घायल होकर कामकाज में असमर्थ हुए दो आंदोलनकारियों की देखरेख के लिए 20-20 हजार रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त वित्तीय मदद स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जारी शासनादेश के तहत यह राशि हरिद्वार के प्रकाश चन्द्र कांति और देहरादून के अमित ओबरॉय को सहायक रखने के लिए दी जाएगी। इन दोनों को पहले से ही 30 हजार रुपये मासिक विशेष सम्मान पेंशन मिल रही है।

देहरादून, छह नवंबर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान रामपुर तिराहा कांड में पुलिस की गोलियों से घायल होने के बाद कामकाज में असमर्थ दो आंदोलनकारियों को समुचित देखरेख के लिए 20-20 हजार रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त सहायता देने को मंजूरी दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।

शासनादेश के अनुसार, हरिद्वार जिले के निवासी प्रकाश चन्द्र कांति और देहरादून के रहने वाले अमित ओबरॉय को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यह सहायता प्रदान की जाएगी। दोनों राज्य आंदोलनकारियों को फिलहाल 30 हजार रुपये प्रतिमाह विशेष सम्मान पेंशन दी जा रही है। अब उनकी देखरेख के लिए 20 हजार रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त धनराशि देने को मंजूरी दी गई है।

इस धनराशि से दोनों आंदोलनकारियों के लिए एक-एक सहायक की व्यवस्था की जा सकेगी। रामपुर तिराहा कांड दो अक्टूबर 1994 को हुआ था, जब ऋषिकेश से दिल्ली जा रहे उत्तराखंड राज्य आंदोलन के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा पर रोक दिया था। पुलिस की गोलीबारी में सात कार्यकर्ता मारे गए थे, जबकि कई महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया था, जिससे यह उत्तराखंड राज्य आंदोलन की सबसे विवादास्पद घटनाओं में से एक बन गई।

नौ नवंबर 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग करके उत्तराखंड राज्य बनाया गया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़