विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, पूछा- सवाल उठाने वाले बताएं उन्होंने अपने शासन में क्या किया

Prabhasakshi Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और उनके कार्यकाल की कार्यशैली पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने राज्य की बेहतर कानून-व्यवस्था और विभिन्न जनहित योजनाओं का भी उल्लेख किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर में विपक्षी दलों, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आज हमारी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि जब वे सत्ता में थे तो उन्होंने अपने शासनकाल में क्या काम किया। मुख्यमंत्री कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग खुद कुछ करने की क्षमता नहीं रखते, वही दूसरों पर आरोप लगाते हैं और सवाल खड़े करते हैं। पिछली समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों के समय माहौल बिगाड़ दिया जाता था। दुर्गा पूजा, जन्माष्टमी और होली मनाने पर प्रतिबंध लगाए जाते थे और मंदिरों के नाम पर आने वाला पैसा हड़प लिया जाता था। लेकिन आज के समय में हर विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के आठ-दस मंदिरों का सुंदरीकरण करवाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग गरीबों को राशन की सुविधा नहीं दे सके और युवाओं का रोजगार छीनने का पाप करते थे, वे अयोध्या, काशी और मथुरा के बारे में भला कैसे सोच सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मंदिरों पर अवैध कब्जे करवाए जाते थे, जबकि अब उन मंदिरों का सुंदरीकरण किया जा रहा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले आने वाला पैसा कब्रिस्तान पर खर्च हो जाता था और आज वही लोग हमसे विकास को लेकर सवाल पूछ रहे हैं।

राज्य की बेहतर कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं होता है। अगर कोई भी व्यक्ति त्योहारों या उत्सवों में बाधा डालने की कोशिश करता है, तो सरकार उपद्रवियों से कड़ाई से निपटती है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में यूपी में न तो कोई कर्फ्यू लगा है और न ही कोई दंगा हुआ है, अब राज्य में सब कुछ चंगा है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कुशीनगर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों को सम्मानित किया और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक व स्वीकृति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शिक्षा से जुड़े कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया है। इसके तहत बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को हर साल पांच लाख रुपये तक की नकद स्वास्थ्य सुविधा और दुर्घटना बीमा कवर प्रदान किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दो अत्यंत वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, 110 वर्षीय राम विलास भगत और 104 वर्षीय राम प्रसाद साहनी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों वरिष्ठ जनों ने विचारधारा, मूल्यों और सिद्धांतों के साथ जुड़े रहकर अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। जनसभा को प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री और कुशीनगर के प्रभारी दारा सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कुंवर आरपीएन सिंह, गोरखपुर के सांसद व अभिनेता रवि किशन और कुशीनगर के सांसद विजय दुबे सहित कई प्रमुख नेताओं ने भी संबोधित किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़