CID पूछताछ के दौरान TMC MLA परेश राम दास की तबीयत बिगड़ी, SSKM अस्पताल में भर्ती

CID पूछताछ के दौरान TMC MLA परेश राम दास की तबीयत बिगड़ी, SSKM अस्पताल में भर्ती
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पश्चिम बंगाल के कैनिंग पश्चिम से तृणमूल कांग्रेस विधायक परेश राम दास को 2023 पंचायत चुनाव हिंसा मामले में सीआईडी पूछताछ के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। भवानी भवन में करीब पांच घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें निगरानी में रखा है।

तृणमूल कांग्रेस के विधायक परेश राम दास सोमवार को हिंसा के एक मामले में सीआईडी की पूछताछ के दौरान बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। दक्षिण 24 परगना जिले की कैनिंग पश्चिम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक दास को राज्य में 2023 के पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा के मामले में पूछताछ के लिए जांच एजेंसी ने तलब किया था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पंचायत चुनावों के दौरान हिंसा के आरोपों के सिलसिले में जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने के लगभग पांच घंटे बाद, शाम करीब चार बजे दास ने सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की।’’ विधायक को एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें ऑक्सीजन दी गई। अधिकारी के अनुसार, उनकी हालत स्थिर बताई गई है, हालांकि चिकित्सकों ने उन्हें निगरानी में रखने का फैसला किया है। दास सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे सीआईडी मुख्यालय भवानी भवन पहुंचे थे।

इससे पहले भी जांच एजेंसी उन्हें दो बार तलब कर चुकी है। सीआईडी के समक्ष पेश होने से पहले तृणमूल नेता ने सोशल मीडिया पर एक संदेश पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, ‘‘अलविदा कैनिंग, हम फिर मिलेंगे, हम बात करेंगे।’’ इस पोस्ट के बाद उनके समर्थकों के बीच इस बात को लेकर अटकलें लगने लगीं कि क्या उन्हें गिरफ्तारी की आशंका है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़