DRI ने देश भर में कार्रवाई कर 845 किलोग्राम Drugs पकड़ी, 15 तस्कर अरेस्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राजस्व आसूचना निदेशालय ने देश भर में चलाए गए कई अभियानों के दौरान गांजा, चरस और कोकीन समेत 845 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। वित्त मंत्रालय के अनुसार खुफिया सूचनाओं पर हुई इस कार्रवाई में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने दिल्ली एयरपोर्ट और गोरखपुर रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर नशीले पदार्थों की खेप पकड़ी।

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने गांजा, चरस, एम्फ़ैटेमिन सहित 845 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है और 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अपनी निरंतर कार्रवाई को जारी रखते हुए डीआरआई ने देश भर में खुफिया जानकारी पर आधारित कई अभियानों में मादक पदार्थों और मनःप्रभावी पदार्थों की महत्वपूर्ण जब्ती की है। मंत्रालय के अनुसार, नेपाल से चरस/हशीश की तस्करी के संबंध में विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, 20 सितंबर को डीआरआई अधिकारियों ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर जननायक एक्सप्रेस से यात्रा कर रही दो महिला यात्रियों को रोका।

उनकी व्यक्तिगत तलाशी से लगभग छह किलोग्राम चरस/हशीश बरामद हुई। इसके अलावा, बोधगया के पास एक अभियान सहित दो महत्वपूर्ण अभियानों में डीआरआई अधिकारियों ने लगभग 801 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया। बयान में कहा गया कि दिल्ली में आईजीआई हवाई अड्डे पर 15 सितंबर को खुफिया जानकारी पर आधारित एक अन्य प्रमुख अभियान में, डीआरआई अधिकारियों ने दोहा होते हुए दुबई से आए एक भारतीय यात्री को रोका।

इसमें कहा गया कि सामान की जांच के दौरान नौ पैकेटों में बंद लगभग 5.8 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़