Thane Crime Branch ने अवैध हथियारों के साथ पांच तस्करों को दबोचा

Thane Crime Branch ने अवैध हथियारों के साथ पांच तस्करों को दबोचा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

महाराष्ट्र के ठाणे में अपराध शाखा ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नासिक-ठाणे राजमार्ग के पास बिछाए गए जाल में इन आरोपियों को पकड़कर 9.19 लाख रुपये मूल्य के पांच देसी पिस्तौल और 56 कारतूस जब्त किए। पकड़े गए संदिग्ध कथित तौर पर हथियारों के दम पर लूटपाट की योजना बना रहे थे।

ठाणे, सात नवंबर महाराष्ट्र के ठाणे शहर में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुये पुलिस ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से 9.19 लाख रुपये मूल्य के हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किए। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया कि अपराध शाखा की इकाई-एक के एक दल ने गुप्त सूचना के आधार पर दो नवंबर को राबोडी में नासिक-ठाणे राजमार्ग पर साकेत सर्विस रोड के पास जाल बिछाया और संदिग्धों को पकड़ लिया।

आरोपी कथित तौर पर हथियारों के बल पर लूटपाट करने की योजना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋतिक शशिकांत तिवारी उर्फ राहुल (25), कार्तिक कुमार विनोद चौधरी (23), मृत्युंजय कुमार प्रदीप चौबे (26), बृजकिशोर नन्हकू तिवारी (54) और शुभम सुनील तिवारी (24) के रूप में हुई है। अधिकारी के अनुसार, राहुल, कार्तिक, मृत्युंजय और बृजकिशोर झारखंड के रहने वाले हैं तथा शुभम छत्तीसगढ़ का निवासी है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से पांच देसी पिस्तौल और 56 कारतूस बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 9.19 लाख रुपये है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि हथियार कहां से लाए गए थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़