BJP ने Sukanta Majumdar को कोलकाता निगम चुनाव का प्रभारी बनाया, हावड़ा में Rahul Sinha को कमान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल के आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए संगठनात्मक तैयारियां तेज करते हुए प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार के साथ अनिंद्य बनर्जी को सह-प्रभारी और तापस रॉय को संयोजक बनाया गया है। वहीं हावड़ा नगर निगम के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा को प्रभारी और संजय कुमार सिंह को संयोजक नियुक्त किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय राज्य मंत्री और पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को कोलकाता नगर निगम चुनाव की तैयारियों का मंगलवार को प्रभारी नियुक्त किया। यह कदम इस बात का संकेत है कि राज्य की राजधानी में होने वाले आगामी नगर निकाय चुनाव पर पार्टी विशेष ध्यान दे रही है। पार्टी की एक अधिसूचना के अनुसार, भाजपा की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष अनिंद्य बनर्जी को सह-प्रभारी बनाया गया है।

राज्य के मंत्री और मानिकतला से विधायक तापस रॉय संयोजक होंगे जबकि काशीपुर-बेलगछिया से विधायक रितेश तिवारी सह-संयोजक की जिम्मेदारी संभालेंगे। भाजपा ने हावड़ा नगर निगम चुनाव के लिए भी चुनाव प्रबंधन टीम का गठन किया है। पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य राहुल सिन्हा को इसका प्रभारी और बाली से विधायक संजय कुमार सिंह को संयोजक नियुक्त किया गया है।

इन नियुक्तियों के साथ ही दोनों प्रमुख नगर निकायों के चुनाव के लिए भाजपा की संगठनात्मक तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गई हैं। यह घोषणा पश्चिम बंगाल विधानसभा द्वारा 12 अगस्त को आयोजित एक दिवसीय विशेष सत्र में दो विधेयक पारित किए जाने के करीब दो सप्ताह के भीतर की गई है। इन विधेयकों में कोलकाता नगर निगम अधिनियम और हावड़ा नगर निगम अधिनियम में संशोधन कर कोलकाता में वार्ड की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 और हावड़ा में 50 से बढ़ाकर 68 करने का प्रस्ताव है।

हालांकि चुनाव कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है लेकिन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि इस साल के अंत में दोनों नगर निकायों के चुनाव कराने की योजना है। भाजपा की प्रदेश इकाई के नेतृत्व और कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायकों की एक उच्चस्तरीय बैठक विधाननगर स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को हुई। प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बावजूद राज्य संगठन में मजूमदार की लगातार सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मजूमदार ने 2021 में विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के कुछ महीने बाद दिलीप घोष की जगह पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष का पद संभाला था। उस चुनाव में राज्य में सत्ता परिवर्तन के लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाने के बावजूद भाजपा 77 सीट जीत पाई थी। भाजपा ने 2021 के कोलकाता नगर निगम चुनाव में सभी 144 वार्ड में उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन वह सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से काफी पीछे रही थी।

भाजपा केवल तीन वार्ड में जीत हासिल कर सकी थी और उसे 9.21 प्रतिशत मत मिले थे, जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने 134 वार्ड में जीत दर्ज की थी। हालांकि, आगामी नगर निकाय चुनाव काफी बदले हुए राजनीतिक हालात में होंगे क्योंकि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया था। पार्टी सूत्रों ने कहा कि मजूमदार को पश्चिम बंगाल में फिर से महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपना इस बात का संकेत है कि प्रदेश नेतृत्व अहम चुनावी जिम्मेदारियों के लिए अब भी उन पर भरोसा करता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़