राजस्थान Panchayat Election में दोपहर एक बजे तक 46.15 प्रतिशत वोटिंग दर्ज

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत बृहस्पतिवार को 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए वोट डाले गए। बालोतरा की गुड़ामालानी पंचायत समिति में सर्वाधिक 58.92 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि बूंदी की तालेड़ा में सबसे कम वोट पड़े। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे।
जयपुर, पांच नवंबर राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए बृहस्पतिवार सुबह से जारी मतदान के बीच दोपहर एक बजे तक 46.15 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और दोपहर एक बजे तक 46.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि बालोतरा जिले की गुड़ामालानी पंचायत समिति में सबसे अधिक 58.92 प्रतिशत, जबकि बूंदी जिले की तालेड़ा पंचायत समिति में सबसे कम 33.82 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक जारी रहेगी। इस चरण में 3,716 सरपंच और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है।
इसके लिए 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद बृहस्पतिवार को ही मतगणना होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे। राज्य में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जा रही है।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले तीन चरणों का मतदान 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और तीन नवंबर को हुआ था। पंच और सरपंच पदों के लिए पहले दो चरणों का मतदान 24 अक्टूबर और 30 अक्टूबर को हुआ था, जबकि उप-सरपंच पदों के चुनाव 25 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को हुए थे। उप-सरपंच पदों के लिए तीसरे चरण का चुनाव छह नवंबर को होगा।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। इसके बाद 16 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा, जबकि 17 नवंबर को उप-सरपंच चुने जाएंगे। चारों चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी।
जिला प्रमुख और उप-जिला प्रमुख के चुनाव 25 और 26 नवंबर को होंगे, जबकि पंचायत समिति प्रधान और उप-प्रधान के चुनाव क्रमशः 27 और 28 नवंबर को कराए जाएंगे।
अन्य न्यूज़














