PM Narendra Modi ने Sardar Vallabhbhai Patel को जयंती पर नमन किया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि पटेल का त्याग और समर्पण विकसित व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए एक बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है। सरकार वर्ष 2014 से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाती आ रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन एक मजबूत, समृद्ध और सक्षम भारत के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि मां भारती की सेवा में पटेल का त्याग और समर्पण विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा, ‘‘अखंड भारत’ के प्रणेता और देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन।

उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।’’ पटेल का जन्म 31 अक्टूबर, 1875 को गुजरात के नडियाद में हुआ था। उनका निधन 15 दिसंबर, 1950 को हुआ था। वर्ष 1947 में भारत की आजादी के बाद पटेल देश के पहले गृह मंत्री बने और उन्हें 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने का श्रेय दिया जाता है।

मोदी सरकार 2014 से 31 अक्टूबर को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मना रही है। इसका उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बढ़ावा देना और उसे सुदृढ़ करना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़