Mallikarjun Kharge ने SIR विरोध रैली में COJP की मौजूदगी पर साधी चुप्पी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने दिल्ली में एक नवंबर को होने वाली विपक्ष की रैली में कॉजपा के शामिल होने पर कोई टिप्पणी नहीं की है। इससे पहले उनके हाव-भाव के आधार पर नकारात्मक प्रतिक्रिया की बात कही गई थी। विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

(29 अक्टूबर को जारी प्रादे84 में कॉजपा के संदर्भ वाले हिस्से में सुधार करते हुए) बेंगलुरु, 30 अक्टूबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ विपक्ष द्वारा दिल्ली में एक नवंबर को आयोजित की जाने वाली रैली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं के शामिल होने या न होने पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। ‘पीटीआई-भाषा’ ने बृहस्पतिवार को जारी अपनी खबर में खरगे के हाव-भाव के आधार पर भूलवश यह लिखा था कि उन्होंने इस पर नकारात्मक जवाब दिया। हालांकि, उनके कार्यालय ने स्पष्ट किया कि वह इस सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते थे।

कॉजपा ने एक नवंबर की इस रैली को अपना समर्थन दिया है। अभिजीत दीपके द्वारा स्थापित इस संगठन ने कहा है कि वह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए संघर्ष कर रहे संगठनों का समर्थन करेगा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की अपनी मांग को एक बार फिर दोहराया। यह रैली कथित चुनावी अनियमितताओं और एसआईआर को रद्द करने की मांग को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार के इस्तीफे की मांग के वास्ते विपक्षी गठबंधन के अभियान का हिस्सा है।

इस रैली में कांग्रेस, वामदल और अन्य दलों के शामिल होने का कार्यक्रम है। यह रैली पूर्वाह्न करीब 11 बजे शुरू होगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़