कौशांबी पटाखा फैक्टरी विस्फोट में 11 की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख और किया मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में आठ बच्चों समेत 11 लोगों की जान चली गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में लोगों की मौत पर दुख जताया और प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। कौशांबी जिले में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में आठ बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। विस्फोट में फैक्टरी की इमारत और आसपास के छह अन्य मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका के बीच बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में हुए हादसे में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।
अन्य न्यूज़













