Kolkata के SRFTI में छात्रों के विरोध के बीच 11 दिसंबर तक बढ़ा परिसर बंद रखने का फैसला

Kolkata के SRFTI में छात्रों के विरोध के बीच 11 दिसंबर तक बढ़ा परिसर बंद रखने का फैसला
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के अधिकारियों ने छात्रों के लगातार विरोध प्रदर्शन को देखते हुए संस्थान को 11 दिसंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया है। परिसर में पूर्व में हुए कथित हमलों के बाद से 27 सितंबर से छात्र सुरक्षा और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा के बाद शैक्षणिक गतिविधियों को स्थगित रखने की अवधि आगे बढ़ाई है।

कोलकाता, पांच नवंबर सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) के अधिकारियों ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन और प्रशासन पर संकट का समाधान करने के बजाय दबाव डालने का आरोप लगाए जाने के बीच बृहस्पतिवार को परिसर बंद रखने की मियाद 11 दिसंबर तक बढ़ाने का फैसला किया। परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध ‘अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत’ के एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों पर कथित हमलों के बाद, 27 सितंबर से संस्थान में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। ‘बंगीय हिंदू जागरण मंच’ द्वारा चार अक्टूबर को आयोजित एक रैली के दौरान कथित तौर पर हुए दूसरी बार कथित हमला किये जाने के बाद विरोध और तेज हो गया।

छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किया और अपनी सुरक्षा, निजता तथा कहीं भी आने-जाने की आजादी को लेकर चिंता जताई। एसआरएफटीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘फिल्म और इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया (ईडीएम) दोनों विभागों के डीन के साथ चर्चा करके स्थिति की समीक्षा की गई है, और परिसर बंद रखने के पहले जारी किए गए आदेश की मियाद 11 दिसंबर तक बढ़ा दी गई।’’ संस्थान ने 16 अक्टूबर को कहा था कि उसने अपने फिल्म और ईडीएम विभागों में शैक्षणिक गतिविधियों को निलंबित कर दिया है, और परिसर में रह रहे सभी छात्रों (हॉस्टल में रहने वालों सहित) को 24 घंटे के भीतर परिसर खाली करने का निर्देश दिया है। परिसर बंद रखने की अवधि बढ़ाए जाने से वहां तनाव और बढ़ गया है।

छात्रों का आरोप है कि ‘‘प्रशासन उन्हें सामूहिक रूप से दंडित कर रहा है, और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों का समर्थन करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है’’। छात्रों का दावा है कि एक ताजा घटनाक्रम में, एक शिक्षक को जाने-माने सिनेमैटोग्राफर और वृत्तचित्र निर्माता रंजन पालित को परिसर में कार्यशाला आयोजित कराने के लिए बुलाने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, अधिकारी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे कुछ छात्रों को ‘‘बाहरी तत्वों’’ द्वारा उकसाया जा रहा है और वे इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने 13 अक्टूबर को फिल्म और डिजिटल मीडिया की कक्षाओं को 13 नवंबर तक के लिए निलंबित कर दिया था, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए हमें इन्हें लगभग एक महीने और आगे बढ़ाना पड़ रहा है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़