Bihar में Chhath Puja को लेकर विशेष अभियान, Patna Metro और स्टेशनों पर बजेंगे लोकगीत

बिहार में छठ महापर्व के गरिमामयी आयोजन और प्रचार-प्रसार को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। राज्य में 10 से 16 नवंबर 2026 तक सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों, पटना मेट्रो और 18 सीमावर्ती जिलों के प्रवेश द्वारों पर स्वागत द्वार, सूचनात्मक जिंगल्स और पारंपरिक लोकगीत प्रसारित किए जाएंगे।
बिहार के सबसे बड़े सांस्कृतिक और लोक आस्था के महापर्व 'छठ' के गरिमामयी और सुचारू आयोजन को लेकर आज मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा तैयार की गई जन-जागरूकता और प्रचार-प्रसार की रणनीतियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोक आस्था के इस महापर्व के दौरान राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा के लिए सूचना तंत्र को पूरी तरह सक्रिय और प्रभावी बनाया जाए।
राज्य भर में 10.11.2026 से 16.11.2026 तक सघन 'छठ जन-जागरूकता अभियान' चलाया जाएगा। सभी प्रमुख सरकारी कार्यालय परिसरों तथा सार्वजनिक स्थलों पर छठ पर्व से संबंधित सूचनात्मक जिंगल्स नियमित रूप से प्रसारित होंगे। इसके अतिरिक्त, सचिवालय स्थित कार्यालयों में 'केंद्रीय उद्घोषणा प्रणाली' के माध्यम से प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक छठ के पारंपरिक गीतों का प्रसारण किया जाएगा। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए राज्य के सभी रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और हवाई अड्डों पर छठ विषयक पोस्टर प्रदर्शित होंगे और गीत बजाए जाएंगे। इसके साथ ही पटना मेट्रो में यात्रा के दौरान भी जिंगल्स और गीतों का नियमित प्रसारण सुनिश्चित किया जाएगा। राज्य के सभी 18 सीमावर्ती जिलों (कैमूर, बक्सर, गया, नवादा, बांका, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, औरंगाबाद, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मुंगेर, जमुई, अररिया, कटिहार, सीवान, सारण, रोहतास एवं पूर्णिया) के जिला प्रवेश बिंदुओं पर आकर्षक 'छठ स्वागत द्वार' स्थापित किए जाएंगे। अन्य सभी जिलों को भी अपने प्रमुख प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार बनाने का निर्देश दिया गया है। सूचना तंत्र को सुदूर गांवों तक पहुंचाने के लिए राज्य के सभी पंचायत सरकार भवनों में छठ पर्व से संबंधित पोस्टर, बैनर और रनर अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने सभी जिला पदाधिकारियों को इस कार्य योजना को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ धरातल पर उतारने का निर्देश दिया है ताकि इस पावन अवसर पर बिहार आने वाले हर नागरिक को एक सुखद और भक्तिमय वातावरण का अहसास हो सके। इस बैठक में सूचना एवं जन संपर्क विभाग के सचिव, संयुक्त सचिव एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे । सभी ज़िलाधिकारीगण एवं एसपी ने वीसी के माध्यम से बैठक में भाग लिया ।
अन्य न्यूज़














