TVK विधायक को रिश्वत देने के आरोप में AIADMK नेता PM Mannan मदुरै में गिरफ्तार

मदुरै पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा ने अविश्वास प्रस्ताव के दौरान सरकार के खिलाफ वोट कराने के लिए सत्तारूढ़ टीवीके विधायक को घूस देने के प्रयास में पूर्व उप महापौर पी. एम. मन्नान को गिरफ्तार किया है। अन्नाद्रमुक नेता पर विधायक मधार बदरुद्दीन को उनके सहायक के जरिए 15 से 30 करोड़ रुपये देने की पेशकश करने का आरोप लगा है। पुलिस उपायुक्त के नेतृत्व में विशेष टीम ने पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।
मदुरै (तमिलनाडु), छह नवंबर मदुरै पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने शुक्रवार को पूर्व उप महापौर और अन्नाद्रमुक नेता पी. एम. मन्नान को सत्तारूढ़ दल टीवीके के एक विधायक को रिश्वत देने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने संभावित अविश्वास प्रस्ताव के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ मतदान करने के लिए विधायक को रिश्वत देने की कोशिश की थी। मन्नान को सुबह हिरासत में लिया गया।
उन पर मदुरै सेंट्रल से टीवीके विधायक मधार बदरुद्दीन उर्फ मुस्तफा को 15 से 30 करोड़ रुपये तक की पेशकश करने का आरोप है। कथित तौर पर यह पेशकश विधायक के सहायक कानी के माध्यम से की गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस उपायुक्त एम. पी. दिव्या के नेतृत्व वाली विशेष टीम ने मन्नान से चार घंटे से अधिक समय तक गहन पूछताछ की।
गिरफ्तारी के बाद अन्नाद्रमुक नेता के समर्थकों के बड़ी संख्या में जुटने के कारण इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच, जांचकर्ता विधायक के सहायक कानी से भी पूछताछ कर रहे हैं, जिन्होंने इस मामले में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई थी। अपराध शाखा विधायकों की खरीद-फरोख्त की इस कथित कोशिश के पीछे के व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए फोन पर हुई बातचीत और ऑडियो साक्ष्यों की जांच कर रही है।
अन्य न्यूज़














