Manipur Police ने शुरू की हत्याओं की जांच, सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमें तैनात

मणिपुर पुलिस ने राज्य में नागरिकों की हत्या और आगजनी की घटनाओं की गहन जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। सेनापति जिले में दो युवकों के क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद पुलिस, असम राइफल्स और सेना समेत केंद्रीय बलों की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चला रही हैं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों से संयम बरतने की अपील की है।
इंफाल, छह नवंबर मणिपुर पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि हाल में नागरिकों की हत्या की घटनाओं की गहन जांच की जा रही है और इनमें शामिल आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस का यह बयान कांगपोकपी जिले के ताफौ कुकी गांव के आसपास से पिछले सप्ताह लापता हुए दो युवकों के क्षत-विक्षत शव रविवार को पड़ोसी सेनापति जिले के पहाड़ी इलाके में मिलने के कुछ दिन बाद आया है। लापता युवकों की तलाश के लिए चलाए गए अभियान के दौरान केले के एक बागान में बोरियों में भरे मिले शवों की पहचान टी. चोंगलोई (21) और पाओगिनलाल हांगसिंग (20) के रूप में हुई।
पुलिस ने एक बयान में बताया, “नागरिकों को निशाना बनाकर की गई आगजनी और हत्या की हालिया घटनाओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही, गवाहों का पता लगाकर उनसे पूछताछ की जा रही है।” पुलिस ने बताया, “इसके अलावा, पुलिस, कोबरा, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), असम राइफल्स और सेना की संयुक्त टीमें प्रभावित इलाकों में खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान चला रही हैं, ताकि कानून के अनुसार कार्रवाई कर ऐसे जघन्य अपराधों को अंजाम देने वालों को सजा दिलाई जा सके।” बयान के अनुसार, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के साथ समन्वय कर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस व सभी सुरक्षा बल इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और कानून को हाथ में नहीं लेने की अपील की।
अन्य न्यूज़














