Assam STF ने 300 म्यूल बैंक खातों से जुड़े वित्तीय धोखाधड़ी नेटवर्क में छह लोगों को पकड़ा

असम पुलिस के विशेष कार्य बल ने करीब 300 म्यूल बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को हिरासत में लिया है। पुलिस को संदेह है कि इस वित्तीय धोखाधड़ी नेटवर्क के तार पाकिस्तानी खुफिया अभियानों से भी जुड़े हो सकते हैं। अधिकारियों ने सभी संदिग्ध बैंक खातों में लेन-देन रोककर आरोपियों से लैपटॉप, मोबाइल और दस्तावेज बरामद किए हैं।
गुवाहाटी, चार नवंबर असम पुलिस ने ‘म्यूल’ बैंक खातों के जरिये राज्य से संचालित एक वित्तीय धोखाधड़ी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने यह जांच की है और इस नेटवर्क के तार पाकिस्तानी खुफिया अभियानों से जुड़े होने का संदेह है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रणव कुमार पेगू ने बताया कि इस इकाई ने पांच अक्टूबर को इस गिरोह के संबंध में मामला दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि जांच में लगभग 300 ‘म्यूल’ बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। इन सभी खातों में लेन-देन पर रोक लगा दी गई है।
पेगू ने कहा, एक महिला के बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन का पता चला था, जिसमें पैसा जमा होते ही तुरंत निकाल लिया जाता था। दो अन्य लोग भी इन खातों से जुड़े पाए गए। उन्होंने बताया कि इन तीनों संदिग्धों को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद अगले दिन एक और गिरफ्तारी हुई।
इसके बाद 30 अक्टूबर को दो और लोगों को पकड़ा गया, जिससे गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या छह हो गई। पेगू ने बताया कि एसटीएफ ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि यह गिरोह पिछले दो सालों से देश के अलग-अलग हिस्सों में धोखाधड़ी का यह नेटवर्क चला रहा था, जबकि इसके मुख्य साजिशकर्ता असम से बाहर से काम कर रहे थे।
म्यूल खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी या धोखाधड़ी करने वाले लोग अवैध धन को एक जगह से दूसरी जगह भेजने और उसके स्रोत को छिपाने के लिए करते हैं।
अन्य न्यूज़













