Foreign Secretary Vikram Misri ने काठमांडू में नेपाल के नेता Ravi Lamichhane से की द्विपक्षीय बातचीत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने अपनी दो दिवसीय नेपाल यात्रा के दौरान काठमांडू में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के बीच बहुआयामी संबंधों को मजबूत बनाने तथा आगामी उच्च-स्तरीय यात्राओं पर चर्चा की। लामिछाने ने अपनी पिछली भारत यात्रा का उल्लेख करते हुए नेपाल के विकास में आर्थिक कूटनीति की प्राथमिकता रेखांकित की।

(शिरीष बी प्रधान) काठमांडू, पांच नवंबर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बृहस्पतिवार को नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के प्रमुख रवि लामिछाने से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों तथा दोनों पड़ोसी देशों के बीच घनिष्ठ रिश्तों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। पार्टी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, दो-दिवसीय दौरे पर बुधवार को काठमांडू पहुंचे मिसरी ने शहर के बाहरी इलाके में बूढ़ानीलकंठ स्थित लामिछाने के आवास पर उनसे मुलाकात की। बैठक के दौरान, लामिछाने ने अपनी पिछली भारत यात्रा का जिक्र किया और दोनों देशों के बीच होने वाली आगामी उच्च-स्तरीय यात्राओं की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

पार्टी द्वारा जारी बयान में लमिछाने के हवाले से कहा गया है, ‘‘नेपाल ने आर्थिक कूटनीति अपनाकर देश के विकास और समृद्धि को प्राथमिकता दी है।’’ लामिछाने और मिसरी के बीच हुई बातचीत में नेपाल तथा भारत के बीच मौजूद बहुआयामी संबंधों पर चर्चा हुई। बयान में कहा गया है कि उन्होंने दोनों देशों के बीच करीबी संबंधों को और गहरा करने पर भी बात की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़