Titan Q2 Results: दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुना होकर 2,393 करोड़ रुपये हुआ

चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में टाइटन कंपनी लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ 2,393 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी को 1,120 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। इस दौरान परिचालन राजस्व में 23.54 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
नयी दिल्ली, पांच नवंबर टाइटन कंपनी लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की जुलाई- सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ दोगुने से अधिक होकर 2,393 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बीते वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 1,120 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। टाइटन ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में परिचालन से उसका राजस्व 23.54 प्रतिशत बढ़कर 20,337 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 16,461 करोड़ रुपये था।
हालांकि, कंपनी की राजस्व वृद्धि की रफ्तार पिछली तिमाहियों के मुकाबले धीमी रही है। इससे पहले टाइटन ने लगातार तीन तिमाहियों में 40 प्रतिशत से अधिक की राजस्व वृद्धि दर्ज की थी। इसके अलावा, कंपनी के निदेशक मंडल ने निजी नियोजन के आधार पर 2,500 करोड़ रुपये तक के रेटिंग प्राप्त, सूचीबद्ध, भुनाए जा सकने वाले और बिना गारंटी गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) जारी कर कोष जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
कंपनी के कुल कारोबार में करीब 90 प्रतिशत योगदान देने वाले आभूषण कारोबार का राजस्व 7.25 प्रतिशत बढ़कर 17,721 करोड़ रुपये हो गया, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 16,522 करोड़ रुपये था। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 13.76 प्रतिशत बढ़कर 18,429 करोड़ रुपये हो गया। टाइटन की कुल एकीकृत आय दूसरी तिमाही में 13.7 प्रतिशत बढ़कर 21,430 करोड़ रुपये रही।
अन्य न्यूज़














