Manchester City का Mega Deal: Elliot Anderson बने ब्रिटेन के सबसे महंगे फुटबॉलर, सारे रिकॉर्ड ध्वस्त

Elliot Anderson
प्रतिरूप फोटो
Insta @elliotandersonn
Ankit Jaiswal । Jun 26 2026 10:14PM

प्रीमियर लीग ट्रांसफर बाजार में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मैनचेस्टर सिटी ने एलियट एंडरसन को 116 मिलियन पाउंड में अपने साथ जोड़ा है, जो किसी ब्रिटिश खिलाड़ी के लिए एक नया कीर्तिमान है। फाब्रिजियो रोमानो द्वारा पुष्टि किया गया यह सौदा सिटी के घरेलू और यूरोपीय प्रभुत्व को बनाए रखने के इरादे को दर्शाता है।

गर्मियों के ट्रांसफर बाजार में एक बार फिर मैनचेस्टर सिटी ने बड़ा दांव खेलते हुए नया इतिहास रच दिया है। मौजूद जानकारी के अनुसार क्लब ने नॉटिंघम फॉरेस्ट के युवा मिडफील्डर एलियट एंडरसन को 116 मिलियन पाउंड की रिकॉर्ड ट्रांसफर फीस पर अपने साथ जोड़ने के लिए सहमति बना ली है। इस सौदे के साथ एंडरसन अब किसी भी ब्रिटिश खिलाड़ी के लिए सबसे महंगे ट्रांसफर का नया रिकॉर्ड अपने नाम करने जा रहे हैं।

बता दें कि इससे पहले यह रिकॉर्ड डेक्लन राइस के नाम था, जिन्हें आर्सेनल ने वेस्ट हैम यूनाइटेड से करीब 105 मिलियन पाउंड में खरीदा था। हालांकि अगर प्रीमियर लीग क्लबों के सबसे महंगे खिलाड़ियों की बात करें तो इस सूची में लिवरपूल के अलेक्जेंडर इसाक अब भी पहले स्थान पर हैं। लिवरपूल ने उन्हें न्यूकैसल यूनाइटेड से 125 मिलियन पाउंड में अपने साथ जोड़ा था।

ट्रांसफर बाजार के विश्वसनीय विशेषज्ञ फाब्रिजियो रोमानो ने इस सौदे की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों क्लबों के बीच अंतिम सहमति बन चुकी है। उनके अनुसार एलियट एंडरसन ने भी नॉटिंघम फॉरेस्ट से क्लब छोड़ने की इच्छा जाहिर कर दी है और उनका चिकित्सकीय परीक्षण अमेरिका में कराया जाएगा। इसके बाद आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद की जा रही है।

गौरतलब है कि मैनचेस्टर सिटी ने इस ट्रांसफर की शुरुआत 80 मिलियन पाउंड की शुरुआती पेशकश से की थी, लेकिन नॉटिंघम फॉरेस्ट ने उसे स्वीकार नहीं किया था। बाद में दोनों क्लबों के बीच कई दौर की बातचीत हुई और अंततः 116 मिलियन पाउंड की फीस पर सहमति बन गई है।

23 वर्षीय एलियट एंडरसन ने पिछले सत्र में प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने पूरे सत्र में सभी 38 मुकाबले खेले और केवल एक बार शुरुआती एकादश से बाहर रहे। उनकी मजबूत रक्षात्मक क्षमता, लगातार दौड़ने की ऊर्जा और मिडफील्ड से आक्रमण तैयार करने की कला ने उन्हें इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम का भी अहम खिलाड़ी बना दिया है। यही वजह है कि विश्व कप में भी उनसे टीम को काफी उम्मीदें है।

बता दें कि मैनचेस्टर सिटी को इस बार मिडफील्ड में बदलाव की जरूरत थी क्योंकि अनुभवी खिलाड़ी बर्नार्डो सिल्वा क्लब छोड़कर रियल मैड्रिड से जुड़ चुके हैं। ऐसे में एंडरसन को भविष्य के प्रमुख मिडफील्डर के रूप में देखा जा रहा है। क्लब प्रबंधन का मानना है कि उनकी मौजूदगी से टीम के खेल में नई ऊर्जा और संतुलन आएगा।

मौजूद जानकारी के अनुसार मैनचेस्टर सिटी की नजर लंबे समय से न्यूकैसल यूनाइटेड के इतालवी मिडफील्डर सांद्रो टोनाली पर भी बनी हुई थी। हालांकि एंडरसन का सौदा पूरा होने के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्लब टोनाली के लिए भी आगे बढ़ता है या नहीं।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में मैनचेस्टर सिटी लगातार बड़े खिलाड़ियों पर भारी निवेश करता रहा है। क्लब का लक्ष्य घरेलू और यूरोपीय दोनों प्रतियोगिताओं में अपना दबदबा बनाए रखना है। ऐसे में एलियट एंडरसन का यह रिकॉर्ड ट्रांसफर केवल एक खिलाड़ी की खरीद नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की रणनीति का भी अहम हिस्सा माना जा रहा हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़