FIFA World Cup 2026 में गोलों की बौछार, Lionel Messi की Golden Boot की दावेदारी हुई मजबूत

Lionel Messi
प्रतिरूप फोटो
ANI
Ankit Jaiswal । Jun 26 2026 10:52PM

विश्व कप 2026 अब तक का सबसे ज्यादा गोल वाला टूर्नामेंट बन गया है, जिसने कतर 2022 को पीछे छोड़ दिया है। विशेषज्ञों और फीफा अध्यक्ष के अनुसार, यह सिर्फ बढ़े हुए मैचों के कारण नहीं, बल्कि टीमों की आक्रामक रणनीति की वजह से है, जो एक अभूतपूर्व नया रिकॉर्ड स्थापित करने की ओर अग्रसर है।

विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट फीफा विश्व कप 2026 में इस बार गोलों की ऐसी बारिश देखने को मिल रही है, जिसने इतिहास के पन्ने बदल दिए हैं। ग्रुप चरण अभी पूरी तरह समाप्त भी नहीं हुआ है, लेकिन टूर्नामेंट अब तक का सबसे अधिक गोल वाला विश्व कप बन चुका है। मौजूद जानकारी के अनुसार, 25 जून को संयुक्त राज्य अमेरिका और तुर्किये के बीच खेले गए ग्रुप डी मुकाबले के दौरान यह ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई हैं।

इस मुकाबले में संयुक्त राज्य अमेरिका के रक्षक ऑस्टन ट्रस्टी ने टूर्नामेंट का 173वां गोल किया, जिसके साथ ही कतर में खेले गए 2022 विश्व कप का 172 गोल का रिकॉर्ड पीछे छूट गया हैं। इसके बाद भी गोलों का सिलसिला नहीं रुका। तुर्किये और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच मुकाबले में कुल पांच गोल हुए और तुर्किये ने 3-2 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही टूर्नामेंट में कुल गोलों की संख्या बढ़कर 177 पहुंच गई हैं।

गौरतलब है कि कतर विश्व कप 2022 में 172 गोल का रिकॉर्ड पूरे 64 मुकाबलों के बाद बना था। वहीं इस बार विश्व कप 2026 ने केवल 59 मैचों में ही यह आंकड़ा पार कर लिया हैं। हालांकि इस बार प्रतियोगिता का प्रारूप पहले से बड़ा है। पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं और पूरे टूर्नामेंट में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। ऐसे में मैचों की संख्या बढ़ने से गोलों की संभावना भी अधिक हो गई हैं।

इसके बावजूद विशेषज्ञों का मानना है कि केवल अधिक मैच ही इसकी वजह नहीं हैं। इस विश्व कप में कई बड़ी टीमें आक्रामक रणनीति के साथ खेल रही हैं और स्टार खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कारण लगभग हर मैच में दर्शकों को रोमांचक मुकाबले और भरपूर गोल देखने को मिल रहे है।

गोल्डन बूट की दौड़ की बात करें तो अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी सबसे आगे चल रहे हैं। मेसी अब तक पांच गोल कर चुके हैं। उन्होंने अल्जीरिया के खिलाफ अपने विश्व कप करियर की पहली हैट्रिक भी लगाई थी और इसके बाद अगले मुकाबले में भी दो गोल दागकर अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी है।

मेसी के पीछे नॉर्वे के एरलिंग हालांड, फ्रांस के किलियन एमबाप्पे और ब्राजील के विनीसियस जूनियर चार-चार गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में बने हुए हैं। वहीं पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी दो गोल कर चुके हैं और उनके पास ग्रुप चरण का एक मुकाबला अभी बाकी है।

बता दें कि इस विश्व कप में लगातार बड़े स्कोर वाले मुकाबले देखने को मिले हैं। कई टीमों ने आक्रामक फुटबॉल खेलते हुए एक से अधिक गोल किए हैं, जिससे दर्शकों का उत्साह भी लगातार बढ़ा हैं। यही वजह है कि यह संस्करण अब तक के सबसे मनोरंजक विश्व कपों में शामिल माना जा रहा है।

रिकॉर्ड बनने पर फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि 2022 विश्व कप के 172 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ना इस बात का प्रमाण है कि विश्व कप 2026 में आक्रामक खेल और रोमांच अपने चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट पहले ही यादगार बन चुका है और अभी नॉकआउट चरण बाकी है।

अब जबकि प्रतियोगिता का लगभग आधा हिस्सा शेष है, ऐसे में गोलों की कुल संख्या और भी आगे बढ़ने की पूरी संभावना हैं। फुटबॉल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही रफ्तार जारी रही तो विश्व कप 2026 ऐसा नया रिकॉर्ड बना सकता है, जिसे आने वाले कई वर्षों तक तोड़ पाना किसी भी विश्व कप के लिए आसान नहीं होगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़