Asian Champions Trophy: सेमीफाइनल में पहुंच चुकी भारतीय हॉकी टीम रविवार को मलेशिया से भिड़ेगी

Asian Champions Trophy: सेमीफाइनल में पहुंच चुकी भारतीय हॉकी टीम रविवार को मलेशिया से भिड़ेगी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

लगातार तीन जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट कटा चुकी भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के चौथे राउंड रॉबिन मुकाबले में रविवार को मलेशिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी। बांग्लादेश, चीन और जापान को हराने के बाद टीम इंडिया तालिका में शीर्ष पर है, जबकि मलेशिया भी अब तक अजेय रहकर दूसरे स्थान पर काबिज है।

(सौमोज्योति एस चौधरी) जालंधर, 31 अक्टूबर लगातार तीन जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम को एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के चौथे राउंड रॉबिन मैच में रविवार को मलेशिया की चुनौती का सामना करना है। भारत ने जापान के आइची नागोया में एशियाई खेलों में मलेशिया को 5 . 1 से हराया था लेकिन मलेशियाई टीम से भारत को हमेशा कड़ी चुनौती मिली है। भारत ने पहले मैच में बांग्लादेश को 13 . 0 से , चीन को 5 . 2 से और फिर जापान को 4 . 1 से हराकर चार नवंबर को मोहाली में होने वाले सेमीफाइनल में जगह बनाई।

भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने कहा ,‘‘हमने एशियाई खेलों में मलेशिया को 5 . 1 से हराया लेकिन यह हमेशा से कठिन प्रतिद्वंद्वी रहा है। हमारे पास अच्छी टीम है और मलेशिया से हमें चुनौती मिलेगी लेकिन हमारा फोकस अपने खेल पर है।’’ बांग्लादेश और चीन के खिलाफ एकदम एकतरफा मुकाबलों के बाद भारत को शुक्रवार को जापान से अच्छी चुनौती मिली। भारत ने लगातार हमले बोले लेकिन जापान का डिफेंस मजबूत था।

पहले तीन क्वार्टर में भारत को एक भी पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला जो चिंता का विषय है। भारत को मैच में एकमात्र पेनल्टी कॉर्नर 47वें मिनट में मिला जिस पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल दागा। चौथे और आखिरी क्वार्टर में तीन गोल करके भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

भारत के लिये 150वां मैच खेल रहे फॉरवर्ड अभिषेक ने दो शानदार फील्ड गोल दागे। उपकप्तान हार्दिक सिंह ने मिडफील्ड में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन विवेक सागर प्रसाद और नीलाकांता शर्मा से उन्हें और सहयोग की जरूरत है। भारत ने स्ट्राइकर मनदीप सिंह को आराम दिया था जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ तीन गोल किये थे।

वह रविवार को वापसी कर सकते हैं। दूसरी ओर मलेशिया भी अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है लेकिन गोल औसत के आधार पर भारत के बाद दूसरे स्थान पर है। अन्य मैचों में दक्षिण कोरिया का सामना बांग्लादेश से और जापान की टक्कर चीन से होगी।

भारत का मैच शाम सात बजे शुरू होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़