SEBI का ध्यान पूंजी बाजार को सुगम बनाने और Investors की सुरक्षा पर: Tuhin Kanta Pandey

Tuhin Kanta Pandey
ANI

सेबी के चेयरमैन तुहीन कांता पांडेय ने कहा कि नियामक पूंजी बाजारों को अधिक कुशल, सुगम और लचीला बनाने के साथ निवेशकों की सुरक्षा मजबूत कर रहा है। पिछले दशक में कंपनियां सालाना औसतन 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटा रही हैं। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में निवेशकों की संख्या बढ़कर 90 लाख से अधिक हो गई है।

 भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहीन कांता पांडेय ने शनिवार को कहा कि नियामक देश के पूंजी बाजारों को अधिक सुगम, कुशल और लचीला बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सेबी का मुख्य ध्यान पूंजी निर्माण को सुगम बनाने, कारोबारी सुगमता में सुधार करने और निवेशकों की सुरक्षा को मजबूत करने पर है।

 उन्होंने यहां भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स इन्वेस्टर्स फोरम में पूंजी बाजार के विस्तार पर कहा कि पिछले दशक में बाजार पूंजीकरण में जोरदार वृद्धि हुई है, जिसमें कंपनियां इक्विटी और ऋण निर्गमों के जरिये सालाना औसतन 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटा रही हैं। 

उन्होंने कहा, हम व्यवसायों के लिए बाजारों को लगातार मजबूत कर रहे हैं। साथ ही उतनी ही प्राथमिकता निवेशकों की सुरक्षा भी है। विश्व स्तरीय बाजार न केवल सामान्य समय में कुशल होने चाहिए, बल्कि तनाव के दौरान भी लचीले होने चाहिए। पांडेय ने कहा कि ये उद्देश्य एक-दूसरे का समर्थन करते हैं। 

उन्होंने बताया कि पूंजी बाजार में पश्चिम बंगाल की भागीदारी काफी बढ़ गई है, और यहां निवेशकों की संख्या वित्त वर्ष 2014-15 के लगभग 12 लाख से बढ़कर आज 90 लाख से अधिक हो गई है, जिनमें से लगभग 36 प्रतिशत युवा निवेशक 30 वर्ष से कम आयु के हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़