Khammam में मछुआरों को बचाने गई SDRF की नावें पलटीं, 10 कर्मी लापता

Khammam में मछुआरों को बचाने गई SDRF की नावें पलटीं, 10 कर्मी लापता
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तेलंगाना के खम्मम जिले में चक्रवात मुरासु के कारण हुई भारी बारिश के बीच उफनती बेथुपल्ली झील में मछुआरों को बचाने निकले राज्य आपदा मोचन बल के दस कर्मी नाव पलटने से लापता हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों ने तुरंत अभियान शुरू किया है। अधिकारियों के मुताबिक लापता जवानों के संभावित स्थान की पहचान कर ली गई है और उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।

हैदराबाद, चार नवंबर तेलंगाना के खम्मम जिले में बुधवार शाम एक उफनती झील में फंसे मछुआरों को बचाने के अभियान के दौरान दो नौकाओं के पलटने की आशंका है और इसके बाद से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के करीब 10 कर्मी लापता बताए जा रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। एसडीआरएफ के जवान दो नावों में सवार होकर जिले के साथुपल्ली मंडल स्थित बेथुपल्ली झील में फंसे मछुआरों के एक समूह को बचाने का प्रयास कर रहे थे।

आंध्र प्रदेश की सीमा से लगा खम्मम जिला चक्रवात मुरासु के प्रभाव के कारण हो रही भारी बारिश से प्रभावित है। खम्मम के जिलाधिकारी दिवाकर टी एस और अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जवानों को बचाने के लिए टीमों को तैनात किया। तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बचाव दलों ने लापता एसडीआरएफ कर्मियों के संभावित स्थान की पहचान कर ली है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने घटना के बारे में जानकारी ली और जिलाधिकारी को एसडीआरएफ कर्मियों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव संजय जाजू को स्थिति पर नजर रखने का निर्देश भी दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़