Telangana में धूमधाम से मनी Diwali, राज्यपाल ने Bhagyalakshmi Temple में की पूजा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तेलंगाना में रविवार को रोशनी का त्योहार दीपावली पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने चारमीनार स्थित भाग्यलक्ष्मी मंदिर में सपरिवार विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।

हैदराबाद, आठ नवंबर तेलंगाना में रविवार को पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ दीपावली का त्योहार मनाया गया और लोगों ने अपने घरों को रोशनी से सजाया तथा पूजा-अर्चना की। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बी. संजय कुमार और अन्य प्रमुख नेताओं ने इस अवसर पर प्रदेश वासियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए एक संदेश में राज्यपाल ने लोगों से प्रेम, करुणा और सेवा भावना के साथ यह पर्व मनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से खुशियां फैलाने, वंचितों की सहायता करने, स्वदेशी सामान को बढ़ावा देने और पूरी सावधानी व सुरक्षा के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया। लोक भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला अपनी पत्नी जानकी शुक्ला के साथ यहां स्थित ऐतिहासिक चारमीनार के प्रसिद्ध भाग्यलक्ष्मी मंदिर पहुंचे और दर्शन किए।

मंदिर की न्यासी शशिकला और पुजारियों ने राज्यपाल दंपति की अगवानी की, जिन्होंने वहां देवी की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद, पुजारियों ने उन्हें तीर्थ-प्रसाद दिया। एक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दीपों के इस पर्व पर हर घर में खुशहाली और समृद्धि आने की कामना की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़