Khyber Pakhtunkhwa में रिमोट कंट्रोल ब्लास्ट, पुलिस कांस्टेबल कय्यूम खान की जान गई

पाकिस्तान के शांगला जिले में रविवार को सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल में रखे रिमोट नियंत्रित बम के फटने से एक पुलिसकर्मी की जान चली गई। मार्तुंग थाने में तैनात कांस्टेबल कय्यूम खान ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी यह हमला हुआ। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पेशावर, आठ नवंबर पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को हुए एक विस्फोट में पुलिस के एक अधिकारी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना प्रांत के शांगला जिले की चाकेसर तहसील में हुई।
जिले के मार्तुंग थाने में तैनात कांस्टेबल कय्यूम खान थाने जा रहा था कि तभी सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल में लगाए गए रिमोट नियंत्रित बम में विस्फोट हो गया। इस घटना में उसकी मौत हो गई। किसी भी संगठन या व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अफगानिस्तान से लड़ाकों की सीमा पार आवाजाही, आतंकवादी हिंसा और बार-बार चलाए जाने वाले सैन्य अभियानों के कारण खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले कई वर्षों से अशांति बनी हुई है। पाकिस्तान का आरोप है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) नवंबर 2022 में संघीय सरकार के साथ संघर्षविराम समझौता समाप्त होने के बाद से अफगानिस्तान की सीमा से लगे इस प्रांत में लगातार हमले कर रहा है।
अन्य न्यूज़














