Mekedatu Dam: केंद्र के अधिकारियों के स्थल निरीक्षण पर तमिलनाडु के CM विजय ने PM Modi को लिखा पत्र

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कर्नाटक के मेकेदातु बांध प्रस्ताव पर केंद्रीय अधिकारियों के स्थल निरीक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने कावेरी नदी पर 67.16 टीएमसी क्षमता के इस जलाशय निर्माण का कड़ा विरोध करते हुए आगे की सभी प्रशासनिक व तकनीकी कार्रवाइयों को रोकने की मांग की। मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि बेसिन के राज्यों की सहमति के बिना इस परियोजना को कोई मंजूरी न दी जाए।

चेन्नई, सात नवंबर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कर्नाटक की मेकेदातु बांध परियोजना के प्रस्ताव के संबंध में शनिवार को केंद्र सरकार के अधिकारियों द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण पर चिंता जताई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे पत्र में विजय ने अंतरराज्यीय सीमा के ठीक ऊपर कावेरी नदी पर 67.16 टीएमसी की विशाल क्षमता वाला जलाशय बनाने के कर्नाटक के प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल तमिलनाडु में पानी का प्रवाह रुक जाएगा, बल्कि उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य को हर महीने मिलने वाले पानी की आपूर्ति भी प्रतिकूल रूप से प्रभावित होगी।

तमिलनाडु के कावेरी बेसिन में पानी की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए विजय ने मांग की कि अधिकारियों के हालिया स्थल निरीक्षण के बाद की जाने वाली किसी भी आगे की प्रशासनिक या तकनीकी कार्रवाई को फिलहाल स्थगित रखा जाए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी से अनुरोध किया कि कावेरी बेसिन से जुड़े अन्य राज्यों की सहमति के बिना परियोजना को कोई वैधानिक या प्रशासनिक मंजूरी नहीं दी जाए। विजय ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि कर्नाटक को कावेरी बेसिन से जुड़े अन्य राज्यों की सहमति के बिना परियोजना पर आगे नहीं बढ़ने की सलाह दी जाए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़