Commonwealth Games में भारत को स्वर्ण दिलाने वाले पूर्व Hockey कोच Gurdial Singh Bhangu का निधन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मैनचेस्टर राष्ट्रमंडल खेल 2002 में भारतीय महिला हॉकी टीम को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जिताने वाले पूर्व मुख्य कोच गुरदयाल सिंह भंगू का कनाडा के सरे में 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर हॉकी इंडिया ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए भारतीय खेल में उनके अमूल्य योगदान को याद किया। भंगू के मार्गदर्शन में मिली इसी जीत ने बाद में प्रसिद्ध हिंदी फिल्म चक दे इंडिया की पटकथा को प्रेरित किया था।

नयी दिल्ली, सात नवंबर राष्ट्रमंडल खेल 2002 में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच रहे गुरदयाल सिंह भंगू का कनाडा के सरे में निधन हो गया है। वह 86 साल के थे। हॉकी इंडिया ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘भारतीय हॉकी में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं।’’ भंगू का नाम भारतीय महिला हॉकी के इतिहास की सबसे यादगार जीतों में से एक के साथ हमेशा के लिए जुड़ा रहेगा। भारत ने उनके मार्गदर्शन में मैनचेस्टर में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड को 3-2 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों का खिताब जीता। इस जीत ने देश के खेल जगत पर अमिट छाप छोड़ी।

इस रोमांचक मुकाबले का फैसला ममता खरब के अतिरिक्त समय में किए गए गोल ने किया। यह जीत बाद में खेल जगत में एक चर्चित घटना बन गई और 2007 में रिलीज हुई शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘चक दे इंडिया’ की कहानी का आधार बनी। लायलपुर (अब पाकिस्तान के फैसलाबाद) में जन्मे भंगू अंबाला में पले-बढ़े और विश्वविद्यालय स्तर पर हॉकी खेली।

बाद में उन्होंने पटियाला के राष्ट्रीय खेल संस्थान में कोचिंग का प्रशिक्षण लिया, जहां उन्हें हॉकी के महान खिलाड़ी ध्यान चंद और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बालकिशन सिंह से सीखने का अवसर मिला। भारतीय महिला टीम का कोच बनने से पहले वह 1972 से 1976 के बीच नाइजीरिया की महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच भी रहे थे। उन्होंने 1998 में भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था।

भारतीय हॉकी में उनके योगदान के लिए उन्हें 2000 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़