ओडिशा भूस्खलन: Congress ने पीड़ित परिवारों के लिए ₹20 लाख मुआवजे की मांग की

ओडिशा भूस्खलन: Congress ने पीड़ित परिवारों के लिए ₹20 लाख मुआवजे की मांग की
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

चक्रवात अर्नब के असर से दक्षिणी ओडिशा में हुए भूस्खलन और बाढ़ के बाद कांग्रेस ने प्रभावितों के लिए बड़ी राहत की मांग उठाई है। ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास ने गंजाम जिले के किसानों के कृषि कर्ज पूरी तरह माफ करने की भी अपील की। पहाड़ी गांव में मलबे से अब तक सात शव निकाले जा चुके हैं, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है।

भुवनेश्वर, छह नवंबर कांग्रेस की ओडिशा इकाई ने चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुए भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिजनों को कम से कम 20-20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की शुक्रवार को मांग की। यह चक्रवात पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था और ओडिशा के दक्षिणी इलाकों को बुरी तरह प्रभावित किया था। विपक्षी पार्टी ने गंजाम जिले के किसानों के कृषि ऋण पूरी तरह माफ करने की भी मांग की।

उसका आरोप है कि चक्रवात और उसके बाद आई बाढ़ से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और किसानों की आजीविका प्रभावित हुई है। बाढ़ प्रभावित गंजाम जिले के दौरे पर गए पार्टी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) अध्यक्ष भक्त चरण दास ने ये मांगें रखीं। दास ने कंधमाल-गंजाम जिला सीमा के पास, भंजनगर प्रखंड के घिदिपाबली गांव में भूस्खलन के कारण मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों से मुलाकात की।

एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी पर बसे गांव में भूस्खलन वाली जगह से कम से कम सात शव बरामद किए गए हैं, जबकि छह लापता लोगों का पता लगाने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़