MP Police ने 10 दिन के अभियान में जब्त किए ₹73 लाख से अधिक के अवैध पटाखे

मध्यप्रदेश पुलिस ने त्योहारी सीजन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 73.71 लाख रुपये मूल्य के अवैध पटाखे और विस्फोटक बरामद किए हैं। पिछले साल भोपाल में कार्बाइड बंदूकों से 60 से अधिक लोगों के घायल होने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया। पुलिस ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन कर पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
भोपाल, पांच नवंबर मध्यप्रदेश में दीपावली से पहले 10 दिन तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 73 लाख रुपये से अधिक मूल्य के अवैध पटाखे, विस्फोटक सामग्री और प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड बंदूक जब्त की गई हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान में बताया गया कि पिछले साल दीपावली के दौरान भोपाल में कैल्शियम कार्बाइड बंदूकों से गंभीर रूप से घायल होने के कारण अधिकतर बच्चों समेत 60 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
इसके मद्देनजर इस बार विशेष सतर्कता बरती गई। बयान में कहा गया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में छापेमारी के दौरान कुल 73,71,665 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में कैल्शियम कार्बाइड, पोटेशियम, सल्फर, बारूद, प्रतिबंधित कार्बाइड बंदूकें और इन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री शामिल है। पुलिस ने कहा कि अवैध रूप से पटाखों और विस्फोटक सामग्री के निर्माण, भंडारण तथा बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
व्यापारियों और आम लोगों से निर्धारित नियमों तथा वैध लाइसेंस के तहत ही पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री का भंडारण और बिक्री करने की अपील की गई है। किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया है। कैल्शियम कार्बाइड बंदूकों में प्लास्टिक पाइप के अंदर कैल्शियम कार्बाइड का इस्तेमाल कर तेज धमाका और चिंगारियां पैदा की जाती हैं।
इनका इस्तेमाल अक्सर खेतों में जानवरों और पक्षियों को भगाने के लिए किया जाता है। हालांकि, इनके खराब होने या फटने की स्थिति में आंखों में गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है।
अन्य न्यूज़














