Kochi में थाने पहुंचकर पुलिसकर्मी से बहस और सरकारी वाहन में तोड़फोड़, आरोपी हमसथ अरेस्ट

केरल के कोच्चि स्थित मट्टनचेरी थाने में शुक्रवार रात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से विवाद करने और पुलिस वाहन का शीशा तोड़ने के आरोप में 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय वाहन चालक के साथ मारपीट भी की जिससे वाहन को करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
कोच्चि, सात नवंबर केरलम के कोच्चि में एक थाने में कथित तौर पर हंगामा करने और हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस के वाहन को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान मट्टनचेरी के कोचंगडी निवासी हमसथ के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब सवा 11 बजे मट्टनचेरी थाने पहुंचा और वहां ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी से बहस करने लगा जिससे सरकारी कामकाज में बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस ने बताया कि इससे पहले उसे शिकायत मिली थी कि हमसथ चक्कमदम के एक बार में शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। ‘बार’ में पहुंची पुलिस टीम ने उसे हंगामा करते पाया, लेकिन पुलिसकर्मियों को देखते ही वह वहां से चला गया।
उसने बताया कि बाद में वह थाने पहुंचा और वरिष्ठ सिविल पुलिस अधिकारी श्रीजीत से बहस करने लगा। पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, चिकित्सकीय जांच के लिए पुलिस वाहन में ले जाए जाने के दौरान हमसथ कथित तौर पर चालक की सीट की ओर बढ़ा और उसने सामने के शीशे पर लात मारकर उसे तोड़ दिया।
प्राथमिकी के अनुसार, उसने वाहन के अंदर लगा शीशा भी उखाड़ दिया। इससे वाहन को करीब 40,000 रुपये का नुकसान हुआ। इसके अनुसार जब थाने के चालक शरत ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे लात-घूंसों से मारा, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि शरत और हमसथ, दोनों को करुवेलिप्पडी स्थित महाराजा सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां शरत का उपचार किया गया और आरोपी की चिकित्सकीय जांच की गई। हमसथ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अन्य न्यूज़














