IAF के Il-76 विमान ने लद्दाख के Nyoma में 13,000 फुट पर रचा इतिहास

भारतीय वायुसेना के भारी परिवहन विमान आईएल-76एमडी ने वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास स्थित न्योमा एयरबेस पर सबसे अधिक ऊंचाई पर उतरने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह रणनीतिक एयरबेस समुद्र तल से लगभग 13,000 फुट ऊंचा और चीन सीमा से करीब 25 किलोमीटर दूर है। वायुसेना के अनुसार यह उपलब्धि देश की सामरिक हवाई परिवहन क्षमता को नई मजबूती देगी।
नयी दिल्ली, सात नवंबर रूसी मूल का भारतीय वायुसेना का एक परिवहन विमान लद्दाख के न्योमा एयरबेस पर सफलतापूर्वक उतरा, जिसके साथ ही उसने दुनिया में अब तक की सबसे अधिक ऊंचाई पर उतरने का रिकॉर्ड बनाया है। यह एयरबेस समुद्र तल से करीब 13,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित है और चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) से इसकी दूरी करीब 25 किलोमीटर है। भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना के आईएल-76एमडी विमान ने न्योमा में सफलतापूर्वक उतरकर इतिहास रच दिया है।
यह दुनिया में इस विमान की अब तक की सबसे अधिक ऊंचाई पर की गई लैंडिंग है।’’ वायुसेना ने कहा, ‘‘यह विमान की लंबे समय से बरकरार क्षमता का शानदार प्रदर्शन है। इसके साथ ही चालक दल के असाधारण कौशल, सटीकता और पेशेवर दक्षता का भी परिचय मिलता है।’’ वायुसेना ने इस लैंडिंग को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे भारत की रणनीतिक हवाई परिवहन क्षमता और मजबूत होगी।
अन्य न्यूज़














