Maharashtra ATS ने Dombivli से दबोचा 10 लाख का इनामी नक्सली Sanjay Yadav

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते ने झारखंड पुलिस की गुप्त सूचना के आधार पर डोंबिवली के ठाकुरली इलाके से नक्सली संजय सरजू यादव को पकड़ा है। आरोपी पिछले दस दिनों से अपनी पहचान छिपाकर एक बंगले में गायों की देखभाल कर रहा था। ठाणे की अदालत ने उसे चार दिन की ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड पुलिस को सौंपने का आदेश दिया है।

मुंबई/ठाणे, सात नवंबर महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने ठाणे जिले से 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि गुप्त जानकारी के आधार पर झारखंड के पलामू जिले के देवगांव गांव निवासी संजय सरजू यादव (45) को डोंबिवली के ठाकुरली इलाके के खंबालपाडा से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी के मुताबिक प्रतिबंधित नक्सली संगठन की जोनल कमेटी के सदस्य यादव ने शुरुआती पूछताछ के दौरान बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए पिछले 10 दिन से ठाकुरली में छिपा हुआ था और खंबालपाडा के एक बंगले में गायों की देखभाल करने का काम कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि झारखंड पुलिस से मिली सूचना के आधार पर यादव को गिरफ्तार किया गया, उसके पास से एक मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद हुई है। शनिवार को ठाणे की एक अदालत ने यादव को झारखंड ले जाने के लिए झारखंड पुलिस को ट्रांजिट रिमांड दे दी।

झारखंड में वह कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है। बचाव पक्ष के वकील मनीष उज्जैनकर ने बताया कि यादव के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसके खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था, जिसे आज तामील किया गया।

पुलिस ने यादव को झारखंड ले जाने के लिए चार दिन की ट्रांजिट रिमांड का अनुरोध किया था। वहीं, उज्जैनकर ने दलील दी कि आरोपी को विमान से झारखंड ले जाना है, इसलिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर्याप्त होगी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने चार दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़