Goa Police के निलंबित इंस्पेक्टर विकास डेकर नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गोवा अपराध शाखा के निलंबित पुलिस इंस्पेक्टर विकास डेकर को अपने ही केबिन में नाबालिग लड़की का यौन शोषण करने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस ने इस अपराध में डेकर की मदद करने वाली एक महिला को भी गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में बयानों में भारी विसंगतियां मिलने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई।

पणजी, चार नवंबर गोवा अपराध शाखा के एक निलंबित निरीक्षक को अपने केबिन में नाबालिग लड़की का कथित यौन उत्पीड़न करने के मामले में बुधवार को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में आरोपी की मदद करने के आरोप में एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी निरीक्षक की पहचान विकास डेकर (40) के रूप में हुई है। ओल्ड गोवा पुलिस थाने में डेकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। लड़की का कथित तौर पर 25 जुलाई और 27 अक्टूबर को रिबंदर इलाके में अपराध शाखा परिसर स्थित डेकर के केबिन में यौन उत्पीड़न किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग लड़की ने शुरुआत में अपनी शिकायत लेकर चाइल्डलाइन हेल्पलाइन से संपर्क किया था, जिसके बाद उसकी शिकायत डेकर के पास भेज दी गई थी। उस समय वह अपराध शाखा में तैनात था। पीड़िता की शिकायत के बाद कथित घटनाओं का खुलासा हुआ, जिसके आधार पर 30 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई।

गोवा के पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने पहले कहा था कि विभाग कदाचार के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाता है और आरोपी के खिलाफ कानूनी तथा विभागीय, दोनों तरह की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डेकर और अपराध में मदद करने की आरोपी महिला को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किए जाने के बाद वे पहले जांच में शामिल हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं ने उनके बयानों में कई अहम विसंगतियां पाईं।

वे मामले के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में संतोषजनक स्पष्टीकरण देने में विफल रहे। उन्होंने कहा, “जांच के दौरान जुटाई गई सामग्री और गवाहों को प्रभावित करने तथा सबूतों से छेड़छाड़ किए जाने की आशंका को देखते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।” पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़