Election Commission टीम ने Punjab Assembly Polls तैयारियों का लिया जायजा, EVM-VVPAT की जांच 12 नवंबर से

भारत निर्वाचन आयोग के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ में पंजाब विधानसभा चुनाव की प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तर की जांच को लेकर एक कार्यशाला भी आयोजित की गई। जिलों में यह जांच प्रक्रिया आगामी 12 नवंबर से शुरू होगी।
भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्तों, महानिदेशकों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक की। यह बैठक पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) आनंदिता मित्रा, राज्य के पुलिस नोडल अधिकारी और केंद्र तथा राज्य की विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के साथ हुई। बैठक के बाद पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मंगलवार को प्रथम स्तर जांच (एफएलसी) पर कार्यशाला भी सफलतापूर्वक आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तर की जांच से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बारे में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देना था।
बयान में कहा गया है कि पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिलों में 12 नवंबर से शुरू होने वाली प्रथम स्तर की जांच की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) इसकी रोजाना कड़ी निगरानी करेंगे। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है।
अन्य न्यूज़













