Sudan के Nyala में बाजार पर सेना का Drone हमला, 100 से ज्यादा लोगों की मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

साउथ दारफुर की राजधानी न्याला के भीड़भाड़ वाले बाजार में सूडानी सेना के ड्रोन हमले में 100 से ज्यादा नागरिकों की जान चली गई। मानवाधिकार संगठन इमरजेंसी लॉयर्स के मुताबिक इस हमले में 113 लोग जख्मी भी हुए हैं, जिनमें कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। संगठन ने इस घटना को नरसंहार बताते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है।

दक्षिण-पश्चिमी सूडान के ‘साउथ दारफुर’ प्रांत की राजधानी न्याला में भीड़-भाड़ वाले एक बाजार पर सूडानी सेना के ड्रोन हमले में 100 से अधिक लोग मारे गए। देश में हिंसा पर नजर रखने वाले मानवाधिकार समूह ‘इमरजेंसी लॉयर्स’ ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। मानवाधिकार संगठन ने बताया कि हमला सोमवार शाम को हुआ जिसमें 113 लोग घायल भी हुए।

‘इमरजेंसी लॉयर्स’ ने बताया कि मारे गए और घायल हुए लोगों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल थे। संगठन ने बाजार पर हुए इस हमले के लिए सूडानी सेना को जिम्मेदार ठहराया और इसकी निंदा की। संगठन ने एक बयान में कहा कि इस नरसंहार के कारण बाजार सामूहिक हत्या और घायलों से भरे स्थल में तब्दील हो गया।

उसने घटना की स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की। इससे पहले ‘डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स’ ने कहा था कि न्याला स्थित उसके अस्पताल में 36 शव लाए गए हैं और आपातकालीन कक्ष में 150 घायलों को देखा गया। ‘साउथ दारफुर’ प्रांत की राजधानी न्याला पर अर्द्धसैनिक बल ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेज’ (आरएसएफ) का नियंत्रण है।

यह बल 2023 से सूडानी सेना के साथ संघर्ष कर रहा है। इस युद्ध में लगातार ड्रोन हमले किए जाते रहे हैं, लेकिन हाल के सप्ताह में आरएसएफ और सूडानी सेना दोनों की ओर से ड्रोन हमलों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़