नांदेड़ में किसान की संदिग्ध मौत पर SIT गठित, 4 आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक वित्तीय कंपनी के कार्यालय में किसान का शव मिलने के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया है। मृतक की पत्नी ने दो दिन तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने हत्या और अपहरण की धाराओं में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक वित्तीय कंपनी के कार्यालय में 40 वर्षीय किसान का शव मिलने के मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जिले की मुदखेड़ तहसील के मालकोठा गांव के निवासी चंद्रकांत शिंदे का शव पिछले सप्ताह केएफ एंटरप्राइजेज के कार्यालय में मिला था।

उनकी पत्नी ज्योति शिंदे की शिकायत के अनुसार, 22 अक्टूबर की शाम दो अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और वित्तीय कंपनी के कार्यालय ले गए। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शिंदे को वहां दो दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और उन्हें बेरहमी से पीटा गया। इस संबंध में वजीराबाद थाने में हत्या और अपहरण सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने जयकुमार उर्फ भैया भगवान गायकवाड़ (22), शेख आमेर शेख साहेब हुसैन (25), इमरान खान शहबाज खान (40) और शेख मुदस्सिर शेख खादिर (24) को गिरफ्तार किया है। उप-मंडल पुलिस अधिकारी रामेश्वर वाजने के नेतृत्व में विशेष जांच दल मामले की जांच करेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़