Delhi Police का बड़ा फैसला: ड्यूटी पर घायल 250 कर्मियों को ₹25000 तक की वित्तीय मदद

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान घायल हुए 250 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को 15,000 से 25,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने आधिकारिक आदेश जारी कर इस राशि को मंजूरी दी है। यह सहायता राशि दिल्ली पुलिस कल्याण सोसाइटी कोष से प्रदान की जाएगी।
नयी दिल्ली, छह नवंबर दिल्ली पुलिस ने इस वर्ष कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान घायल हुए अपने 250 से अधिक कर्मियों के लिए 15,000 रुपये से 25,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता की घोषणा की है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई। आदेश में कहा गया कि दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने गंभीर रूप से घायल होने वालों के लिए 25,000 रुपये तथा अन्य घायल कर्मियों के लिए 15,000 रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है।
अपर पुलिस आयुक्त (जनसंपर्क) राजीव रंजन ने कहा, ‘‘यह सहायता दिल्ली पुलिस कल्याण सोसाइटी कोष से प्रदान की जाएगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह वित्तीय सहायता कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान घायल हुए हमारे कर्मियों के समर्पण और बलिदान का सम्मान है। उनका हित दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता है।’’ आदेश के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विशेष मामलों में अधिक वित्तीय सहायता संबंधी प्रस्ताव भी आगे भेज सकते हैं। वर्ष 2026 में विरोध प्रदर्शनों और अन्य सुरक्षा संबंधी कर्तव्यों के दौरान कानून-व्यवस्था की विभिन्न व्यवस्थाओं को संभालते समय 250 से अधिक पुलिस कर्मी घायल हुए थे।
दिल्ली पुलिस ने ड्यूटी के दौरान, विशेष रूप से हिंसा व प्रदर्शनों से निपटने या अपराधियों को पकड़ने के दौरान घायल हुए कर्मियों का हौसला बढ़ाने के लिए 2023 में ‘आहत वीर सम्मान पत्र’ की शुरुआत की थी।
अन्य न्यूज़














