Budaun में पुरानी रंजिश के चलते अवधेश की हत्या, आरोपी मुनेन्द्र गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में स्थित मुसाझाग थाना क्षेत्र के गुरुग्राम गांव में धारदार हथियारों से हमला कर 45 वर्षीय अवधेश की जान ले ली गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुनेन्द्र को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बदायूं (उप्र), छह नवंबर उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के मुसाझाग थाना क्षेत्र के गुरुग्राम गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हमले में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मुनेन्द्र (50) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अवधेश (45) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार को अवधेश अपने खाली पड़े प्लॉट की सफाई कर रहा था कि इसी दौरान उसका पड़ोसी मुनेन्द्र कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि पुरानी दुश्मनी के चलते उन्होंने कुल्हाड़ी और फावड़े से अवधेश पर हमला कर दिया।
गंभीर चोटें लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुराना प्रेम-प्रसंग सामने आया है। बताया जाता है कि मृतक का भतीजा अमन पहले कथित तौर पर मुनेन्द्र की बेटी को लेकर फरार हो गया था।
इस मामले में मुनेन्द्र ने मुसाझाग थाने में अमन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद दिसंबर में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पांच नवंबर की रात गुरुग्राम गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मुसाझाग थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले के आरोपी मुनेन्द्र को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अन्य न्यूज़














