उत्तर प्रदेश में बारिश प्रभावितों को तुरंत सहायता और किसानों को मुआवजा देने का CM Yogi ने दिया आदेश

उत्तर प्रदेश सरकार ने बारिश से बेघर हुए लोगों को राहत शिविरों में ठहराने और प्रभावितों को त्वरित मदद पहुंचाने के निर्देश जारी किए हैं। फसल, पशु और मकानों के नुकसान का आकलन कर किसानों को जल्द क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में जाकर पीड़ितों से सीधे संवाद करने को कहा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बारिश से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने और फसल नुकसान का आकलन कर किसानों को मुआवजा देने के शुक्रवार को निर्देश दिए। राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बारिश के कारण हुए फसलों के नुकसान, पशुहानि और मकान गिरने से प्रभावित लोगों को तत्काल मुआवजा देने को कहा और बेघर हुए परिवारों को राहत एवं शरणालय केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और खराब हुई फसल का आकलन कर उन्हें जल्द क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पीड़ित परिवारों से संवाद करने और उन्हें तत्काल हरसंभव सहायता मुहैया कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अन्य न्यूज़













