Samrat Choudhary ने बिहार में छठ और दिवाली पर सुरक्षा बढ़ाने के दिए निर्देश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिवाली और छठ के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम और 24 घंटे गश्त के निर्देश दिए हैं। छठ घाटों और रेलवे स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ ग्रामीण घाटों पर तैराकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। राज्य में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर फर्जी खबरों का चार घंटे में खंडन करने को कहा गया है।

पटना, छह नवंबर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को दिवाली, काली पूजा और छठ पर्व के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने, चौबीसों घंटे गश्त सुनिश्चित करने और रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों तथा छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को यहां वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य के सभी जिलों में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात करने और आपात स्थितियों से निपटने के लिए सक्रिय त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित करने को कहा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों और विदेशों से बिहार लौटने वाले लोगों को सुरक्षित और स्वागतपूर्ण माहौल मिलना चाहिए।

चौधरी ने जिलाधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों और छठ घाटों पर साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने, पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्थानीय स्वयंसेवकों को शामिल करने और ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों पर तैराकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्युत सुरक्षा को प्राथमिकता देने और नंगे तारों के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने को भी कहा। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान दलित और महादलित बस्तियों का दौरा करने, सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने और वहां के निवासियों के साथ मिलकर पर्व मनाने का निर्देश भी दिया।

बयान में कहा गया कि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री ने हर स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को वास्तविक शिकायतों पर कार्रवाई करने तथा फर्जी खबरों का अधिकतम चार घंटे के भीतर खंडन करने का निर्देश दिया। विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए चौधरी ने कहा कि कायाकल्प अभियान के तहत संचालित योजनाओं की संख्या दोगुनी कर दी गई है।

उन्होंने जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी गांव इस अभियान से वंचित न रहे। उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की मरम्मत में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को उद्योगपतियों के साथ हर महीने बैठक करने, उनकी समस्याओं का समाधान करने, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने तथा निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) पहल को प्रोत्साहित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह 25 नवंबर के बाद विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे, जबकि 16 नवंबर के बाद विकास योजनाओं की विशेष समीक्षा की जाएगी। इस बैठक में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रीति वर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 16,000 प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों, 1,500 पीटीसी कर्मियों, होमगार्ड और त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के जवानों सहित अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। इस बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के अलावा वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

वहीं, प्रमंडलीय आयुक्तों, पुलिस रेंज के अधिकारियों, जिलाधिकारियों और जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़