Semicon 2.0 में सिर्फ गंभीर कंपनियों को मौका, Ashwini Vaishnaw ने जारी की कड़ी चेतावनी

केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया है कि भारत का सेमीकंडक्टर और विनिर्माण कार्यक्रम सिर्फ सक्षम और गंभीर कंपनियों के लिए तैयार किया गया है। सरकार ने सेमीकॉन 2.0 का वेब पोर्टल शुरू कर दिया है, जो केवल पूर्ण और ठोस आवेदनों को ही स्वीकार करेगा। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा विनिर्माण योजना के तहत 7,500 करोड़ रुपये से अधिक के नए प्रस्तावों को मंजूरी भी दी गई।
नयी दिल्ली, छह नवंबर सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि सरकार का सेमीकंडक्टर कार्यक्रम और कलपुर्जों तथा मोबाइल फोन के विनिर्माण से जुड़ी योजनाएं केवल गंभीर और तकनीकी रूप से सक्षम कंपनियों के लिए हैं तथा इनमें औपचारिकता के लिए आवेदन करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने उद्योग जगत को कड़ा संदेश देते हुए कहा, हमें केवल जगह घेरने वाले आवेदक नहीं चाहिए। वैष्णव ने कहा कि उन्होंने आईटी सचिव से इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा विनिर्माण योजना (ईसीएमएस) की सूची से भी 18-19 अगंभीर आवेदकों को हटाने के लिए कहा है।
सरकार ने शुक्रवार को सेमीकॉन 2.0 के लिए वेब एप्लिकेशन पोर्टल की शुरुआत की, जो शुरुआत में कार्यक्रम के छह स्तंभों में से तीन से संबंधित आवेदन लेगा। ये स्तंभ मशीनें और सामग्री, फैब (विनिर्माण इकाइयां) और पैकेजिंग हैं। अब तक केवल इन तीन स्तंभों के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं और पोर्टल अब इनके लिए आवेदन आमंत्रित कर रहा है।
अन्य तीन क्षेत्र डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) और प्रतिभा से संबंधित हैं। सेमीकंडक्टर उद्योग को एक बुनियादी उद्योग बताते हुए वैष्णव ने जोर दिया कि पोर्टल केवल उन्हीं आवेदनों को स्वीकार करेगा जो हर तरह से पूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि इसे इस तरह से तैयार किया गया है कि कोई भी गैर-गंभीर या अधूरा आवेदन स्वीकार न किया जा सके।
मंत्री ने कहा, पोर्टल केवल उन्हीं आवेदनों को स्वीकार करेगा जो हर तरह से पूर्ण हैं। इसका मकसद यह है कि केवल अत्यंत गंभीर कंपनियां ही इसमें भाग लें। गैर-गंभीर आवेदकों के लिए कोई जगह नहीं है...।
हमने यह बात उद्योग जगत को स्पष्ट कर दी है। उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस मौके पर सरकार ने घोषणा की कि इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा विनिर्माण योजना के तहत 7,500 करोड़ रुपये से अधिक के 12 नए आवेदनों को मंजूरी दी गई है।
साथ ही, सेमीकॉन 2.0 के वेब आवेदन पोर्टल पर परियोजना प्रस्ताव आमंत्रित किए जा रहे हैं।
अन्य न्यूज़














