ASI के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को मिलेगा ₹25 हजार का इनाम

Official Meeting with Protesters
PR

बाबूबरही के बलिराजगढ़ मामले में आरोपी एएसआई को निलंबित कर हत्या का केस दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। डीएम और एसएसपी ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देते हुए स्पीडी ट्रायल से कड़ी सजा का आश्वासन दिया। साथ ही प्रशासन ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

बाबूबरही प्रखंड के बलिराजगढ़ में घटित घटना को जिला प्रशासन ने अत्यंत दुखद एवं गंभीर बताया है। जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार एवं उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना एवं सहानुभूति प्रकट की है।  उन्होंने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा दोषी के प्रति नरमी नहीं बरती जाएगी तथा कानून के अनुरूप कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस क्रम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक खोजपुर चौराहा स्थित धरना स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने धरनारत लोगों एवं स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं तथा घटना को लेकर उनकी भावनाओं और चिंताओं को समझा। इस दौरान घटना से अत्यंत मर्माहत एक वृद्ध महिला भावुक होकर जिलाधिकारी को पकडकर बिलखने लगीं। जिलाधिकारी ने उन्हें ढांढस बंधाया तथा भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है।

मामले में त्वरित कार्रवाई, ASI निलंबित

घटना  की  जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने सदर अस्पताल जाकर पीडित एवं उनके परिजनों से भेंट की तथा बेहतर इलाज की व्यवस्था की। तत्पश्चात मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आरोपी के विरुद्ध बाबूबरही थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार ASI की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। गठित टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके। फरार आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) का पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पूरी तरह से सक्रिय एवं तत्पर है  और मामले में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी।

इसे भी पढ़ें: Valmiki Tiger Reserve और गयाजी चिड़ियाघर के लिए भूपेंद्र यादव से मिले Samrat Chaudhary

स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दिलाई जाएगी कड़ी सजा

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले की विधिसम्मत एवं प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाएगी। स्पीडी ट्रायल के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया मे तेजी लाया जायेगा  ताकि   आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।  घटना की गंभीरता को देखते हुए न्याय सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी जिला पदाधिकारी द्वारा संवेदनशील पहल की गई है। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत पीड़ित परिवार को ₹20,000 की सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही, कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत निर्धारित सहायता राशि अविलंब उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार सभी देय सरकारी सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि इस कठिन समय में परिवार को आवश्यक आर्थिक संबल मिल सके।

इसे भी पढ़ें: NDA से बाहर भी विकल्प खुला, अकेले चुनाव लड़ने को तैयार चिराग पासवान

शांति एवं सद्भाव बनाये रखने की अपील

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों एवं भड़काऊ संदेशों से बचें। उन्होंने सभी लोगों से शांति, सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारा बनाये रखने तथा विधि-व्यवस्था संधारण में जिला प्रशासन एवं पुलिस को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ा है और मामले में कठोर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़