Agniveer Scheme सफल साबित हुई, रक्षा बलों की समीक्षा पर हुआ बदलाव: Ashwini Vaishnaw

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर में कहा कि अग्निवीर योजना एक सफल पहल साबित हुई है और रक्षा बलों की समीक्षा के बाद इसमें बदलाव किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने शुरुआत में ही इसे प्रयोग बताया था और मिले अनुभवों के आधार पर ही यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान में रेल पटरी पर हुए धमाके की जांच और कांग्रेस पर भी अपनी बात रखी।

जयपुर, पांच नवंबर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को कहा कि अग्निवीर योजना सफल पहल के रूप में सामने आई है और सरकार ने रक्षा बलों द्वारा की गई समीक्षा के आधार पर इसमें बदलाव का निर्णय किया है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आरम्भ से ही सरकार ने, रक्षा मंत्री ने, रक्षा अधिकारियों ने कहा था कि यह नया प्रयोग है। इसके अनुभव के आधार पर हम इस योजना के बारे में मूल्यांकन करेंगे।

इन वर्षो में जो अनुभव आया, वह यह है कि अग्निवीर सफल योजना बनी।’’ उल्लेखनीय है कि सरकार ने बुधवार को अग्निवीरों की भर्ती से जुड़ी अग्निपथ योजना में बदलाव की घोषणा करते हुए कहा कि चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सेना से बाहर होने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा। इसके बाद निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में भर्ती किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘रक्षा बलों ने जो समीक्षा की उसके आधार पर सरकार ने बहुत अच्छा निर्णय किया है।

उस पर आगे बढ़ेंगे।’’ राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में मंगलवार रात अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल पटरी पर हुए धमाके के बारे में रेल मंत्री ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और शुरुआती सबूत मिलने के बाद ही इसमें राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को शामिल करने पर कोई फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने मुख्यमंत्री, राज्य के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव से बात की है। मामले की जांच की जा रही है।

जैसे ही शुरुआती सबूत सामने आएंगे यह तय किया जाएगा कि इसमें एनआईए को शामिल करने की जरूरत है या नहीं।’’ वैष्णव ने कहा कि इस घटना के पीछे की किसी भी साजिश को बेनकाब किया जाएगा। श्रीगंगानगर जिले के 50 जीबी गांव के पास रेल पटरी पर हुए धमाके में पटरी के नीचे लगे दो कंक्रीट स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते बुधवार को चार रेल सेवाएं रद्द करनी पड़ीं।

रेल मंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह संविधान को कमजोर कर रही है और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा व राजग हमेशा संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं। इसके विपरीत कांग्रेस संविधान की हत्यार करने और अराजकता फैलाने में लगी हुई है।’’ वैष्णव ने कहा कि कांग्रेस नेता संविधान की किताब तो दिखाते हैं लेकिन उनका संविधान को मानने में विश्वास नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज हम जनता के सामने हैं अपनी बात लेकर कि संविधान की रक्षा करना हमारा धर्म है।’’ उन्होंने कहा कि हम उन लोगों को बेनकाब करना चाहते हैं जो अराजकता फैलाकर लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र में संसद सबसे बड़ा मंदिर है। उसमें आकर बहस करो।

हम किसी भी विषय पर बहस करने पर पीछे हटने वाले लोग नहीं है।’’ वैष्णव ने जोर देकर कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) पर जनता को पूरा विश्वास है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़