Punjab Polls 2027: AAP शनिवार को जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए शनिवार को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित करेगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों का चयन जनता से मिले फीडबैक और मौजूदा विधायकों के काम के आधार पर तय होगा।
आम आदमी पार्टी (आप) 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा के लिए हुई बैठक के बाद शुक्रवार को यह जानकारी दी। बैठक में आप की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा और राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।
मान ने बताया कि बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई और छांटे गए नाम शुक्रवार शाम को पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के पास भेजे जाएंगे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, पीएसी की बैठक कल पूर्वाह्न 11 बजे फिर होगी। इस बैठक के बाद पहली सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
मैं शनिवार दोपहर करीब 12 बजे यहां सूची साझा करूंगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में जनता की प्रतिक्रिया और मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन को ध्यान में रखा जाएगा।
मान ने कहा कि आप पिछले पांच वर्षों में पंजाब सरकार द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर वोट मांगेगी। उन्होंने बिजली, जलापूर्ति, स्कूलों, अस्पतालों, बुनियादी ढांचे और सड़कों को विकास के प्रमुख क्षेत्र बताया। उन्होंने बैठक को सार्थक बताते हुए कहा, हम सकारात्मक राजनीति करना चाहते हैं।
आज हमने कई मुद्दों पर चर्चा की। मान ने कहा कि चुनाव की तैयारियों के तहत आगे और बैठकें होंगी तथा सर्वेक्षण भी कराया जाएगा। पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं।
मौजूदा विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 16 मार्च, 2027 को समाप्त हो रहा है।
अन्य न्यूज़













