Nepal Flood: बाढ़ प्रभावित इलाकों में भेजे गए 500 सोलर पावर बैंक, बिजली व्यवस्था ठप

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नेपाल के ऊर्जा मंत्रालय ने बाढ़ के कारण गंभीर बिजली संकट से जूझ रहे रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों में वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति के प्रबंध किए हैं। भीषण जलप्रलय में 12 जलविद्युत परियोजनाओं के क्षतिग्रस्त होने से 431.1 मेगावाट उत्पादन ठप हो गया है, जिसके चलते आपदा प्रबंधन के तहत उपकरण चार्ज करने के लिए विशेष बैटरियां वितरित की जा रही हैं।

शिरीष बी प्रधान काठमांडू, 27 अगस्त नेपाल के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों में ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों की व्यवस्था की। देश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत परियोजनाओं को व्यापक नुकसान पहुंचने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। नेपाल में बुधवार को अचानक आई भीषण बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है और इस त्रासदी में 300 भारतीय पर्यटकों समेत सैंकड़ों लोग लापता हैं, जिनकी तलाश युद्धस्तर पर जारी है।

ऊर्जा मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ के सचिवालय के अनुसार, ऊर्जा एवं जल संसाधन मंत्रालय ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में वैकल्पिक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करने के लिए आवश्यक कदम उठाये हैं। सचिवालय के अनुसार बाढ़ से 12 जलविद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे 431.1 मेगावाट बिजली का उत्पादन ठप हो गया। श्रेष्ठ के सहयोगी संजीव महार्जन ने बताया कि वैकल्पिक ऊर्जा संवर्धन केंद्र के समन्वय से मंत्रालय बृहस्पतिवार को प्रभावित क्षेत्रों में 500 ‘सोलर पावर बैंक’ भेज रहा है।

‘सोलर पावर बैंक’ एक ऊर्जा भंडारण उपकरण है जो सूर्य से ऊर्जा प्राप्त करता है और इसका उपयोग विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे फोन, टैबलेट, लैपटॉप, टॉर्च आदि को चार्ज करने के लिए किया जाता है। मंत्रालय ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वितरण के लिए 300 ‘सोलर पावर बैंक’ राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सौंपे। उन्होंने कहा कि रसुवा में बिजली की तत्काल आपूर्ति बहाल करना संभव नहीं है, क्योंकि बाढ़ में एक उपकेंद्र बह गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पहले ही 300 पावर बैंक भेज दिए हैं और 200 अन्य भेजे जा रहे हैं, ताकि लोग इनका उपयोग रोशनी के वैकल्पिक स्रोत के रूप में और मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए कर सकें।’’ समाचार पत्र ‘द राइजिंग नेपाल’ की खबर के अनुसार नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) ने वैकल्पिक रूप से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के जरिए नुवाकोट के विभिन्न हिस्सों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। एनईए ने कहा कि सिन्धुपाल्चोक से आने वाली एक वैकल्पिक विद्युत लाइन के माध्यम से बिजली आपूर्ति बहाल की गई। नेपाल में अधिकारी सैकड़ों लापता लोगों को ढूंढने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास कर रहे हैं।

हाल के वर्षों में यह देश की सबसे भीषण आपदाओं में से एक है। इस बीच, चीन के सरकारी मीडिया ने बताया कि तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हो गई है और 588 लोग लापता बताये जा रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़