Georgia House of Representatives में चुने जाने वाले पहले सिख बने भारतीय-अमेरिकी Jyoth Singh

Georgia House of Representatives में चुने जाने वाले पहले सिख बने भारतीय-अमेरिकी Jyoth Singh
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय-अमेरिकी ज्योत सिंह ने जॉर्जिया प्रतिनिधि सभा के मध्यावधि चुनाव में हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 से शानदार जीत हासिल की है। डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार सिंह ने 68 फीसदी मत पाकर रिपब्लिकन प्रत्याशी यासीन मोघाजी को पराजित किया। येल यूनिवर्सिटी से पढ़े ज्योत सिंह इस सदन में निर्वाचित होने वाले पहले सिख प्रतिनिधि बन गए हैं।

(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, पांच नवंबर अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में इतिहास रचते हुए भारतीय-अमेरिकी ज्योत सिंह जॉर्जिया प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए हैं और वह राज्य की सदन में पहुंचने वाले पहले सिख बन गए हैं। येल यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र ज्योत सिंह ने तीन नवंबर को हुए चुनावों में जॉर्जिया के ‘हाउस डिस्ट्रिक्ट 97’ से शानदार जीत दर्ज की। सिंह ने चुनावी जीत के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘हमने ‘हाउस डिस्ट्रिक्ट 97’ में अपने पूरे समुदाय के लिए एक नया इतिहास रचा है।’’ ज्योत सिंह ने चुनाव से पहले अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा था कि जॉर्जिया के नॉरक्रॉस शहर में बड़े होने के दौरान ‘‘मैंने सीखा कि हमारी विविधता केवल एक संख्या नहीं है-यह हमारी ताकत है।

यह ग्विनेथ का एक जटिल और रंगीन ताना-बाना है जहां हर सिलाई का महत्व है... लेकिन मैं यह भी जानता हूं कि किसी ताने-बाने को मजबूत बनाए रखने के लिए हर धागे का सुरक्षित होना जरूरी है। मैंने उन कमियों को देखा है जहां परिवार पिछड़ जाते हैं, जहां स्वास्थ्य सेवा एक विलासिता है और आवास की लागत उन बुनियादों को हिला देती है जिन्हें खड़ा करने के लिए लोगों ने कड़ी मेहनत की है।’’ उन्होंने कहा कि उनका मकसद इस विविधता को बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना है कि हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले। डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रत्याशी सिंह ने 68 प्रतिशत मतों (13,820 वोट) के साथ एकतरफा जीत हासिल की।

उन्होंने अपने निकटतम रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी यासीन मोघाजी को हराया, जिन्हें केवल 32 प्रतिशत (6,509 वोट) मिले। इससे पहले, मई 2026 में आयोजित पार्टी की ‘डेमोक्रेटिक प्राइमरी’ में सिंह ने जैक्स लॉरेंट को हराकर अपनी उम्मीदवारी तय की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़