IND vs NZ ODI Series से पहले थके खिलाड़ी, कप्तान Mitchell Santner ने जताई चिंता

Mitchell Santner
ANI

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का मानना है कि व्यस्त कार्यक्रम के कारण भारत के खिलाफ वनडे श्रृंखला में खिलाड़ियों पर थकान हावी हो सकती है। कार्यभार प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने खिलाड़ियों के रोटेशन को महत्वपूर्ण बताया। इसके अलावा उन्होंने इस पांच मैचों की श्रृंखला को 2027 विश्व कप की तैयारियों के लिए भी बेहद अहम माना।

 न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का मानना है कि लगातार क्रिकेट खेलने के कारण भारत के खिलाफ बुधवार से शुरू होने वाली पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में खिलाड़ियों पर थकान हावी हो सकती है। भारत और न्यूजीलैंड ने इससे पहले पांच टी20 मैचों की श्रृंखला खेली थी, जिसमें मेजबान टीम 2-3 से हार गई थी। वनडे श्रृंखला के बाद दोनों देश दो टेस्ट मैच की श्रृंखला खेलेंगे। वनडे श्रृंखला 2027 में होने वाली विश्व कप की तैयारी को देखते हुए और 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। 

सैंटनर ने पहले वनडे की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘हम लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं और मैचों के बीच में बहुत कम समय का अंतराल है। टी20 क्रिकेट में सफर और देर रात तक चलने वाले मैचों के कारण खिलाड़ी थोड़े थके हुए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बहुत कम समय में लगातार क्रिकेट खेलने से वनडे श्रृंखला में थकान हावी हो सकती है। आप हमेशा अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारना चाहते हैं, लेकिन वर्तमान समय में व्यस्त कार्यक्रम और दो मैच के बीच अंतराल बहुत कम होने के कारण ऐसा करना काफी मुश्किल है।’’ 

वन डे विश्व कप में अब एक साल से भी कम समय बचा हुआ है और 34 वर्षीय सैंटनर ने कहा कि यह टूर्नामेंट न्यूजीलैंड के कई खिलाड़ियों के लिए अंतिम टूर्नामेंट हो सकता है जिनमें वह भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अधिकतर खिलाड़ियों की उम्र लगभग 34 या 35 के आसपास है। वनडे विश्व कप के बाद, सारा ध्यान फिर से टी20 क्रिकेट पर केंद्रित हो जाएगा। मुझे अभी तक किसी खिलाड़ी ने अपनी भावी योजना के बारे में नहीं बताया है, लेकिन ऐसा हो सकता है।’’

 सैंटनर ने कहा कि विभिन्न प्रारूप में कार्यभार प्रबंधन को देखते हुए वनडे श्रृंखला के दौरान खिलाड़ियों का रोटेशन महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा, ‘‘इससे टीम को मजबूती मिलती है। हमने देखा है कि खिलाड़ी विश्राम करने के बाद वापसी पर अच्छा प्रदर्शन करने लगते हैं।’’

 सैंटनर ने कहा कि भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे श्रृंखला दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले विश्व कप (दो अक्टूबर से 21 नवंबर, 2027) की तैयारी की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम न्यूजीलैंड में अलग-अलग स्थान पर खेल रहे हैं। हम अलग-अलग परिस्थितियों में खेल रहे हैं और विश्व कप में हम ऐसा ही करेंगे। इसलिए यह श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़