Rajasthan Panchayat Election के तीसरे चरण में दोपहर एक बजे तक 36.76 फीसदी वोटिंग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे चरण के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। आयोग के मुताबिक पूर्वाह्न 10 बजे तक 14.89 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो दोपहर एक बजे बढ़कर 36.76 प्रतिशत तक पहुंच गया। प्रतापगढ़ की दलोत पंचायत समिति में सर्वाधिक और बारां की मंगरोल में सबसे कम वोट पड़े।

जयपुर, तीन नवंबर राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे चरण के चुनाव में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मंगलवार सुबह से मतदान जारी है और दोपहर एक बजे तक 36.76 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों के यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और पूर्वाह्न 10 बजे तक 14.89 प्रतिशत मतदान हुआ लेकिन दोपहर एक बजे तक यह आंकड़ा 36.76 प्रतिशत हो गया। इस दौरान प्रतापगढ़ की दलोत पंचायत समिति में सबसे अधिक 46.85 प्रतिशत व बारां की मंगरोल पंचायत समिति में सबसे कम 19.49 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान कई जगह इलेक्ट्रिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के खराब होने के मामले भी सामने आए, हालांकि निर्वाचन अधिकारियों ने त्वरित कदम उठाते हुए मतदान बहाल करवाया।

कुछ जगह लोगों ने स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदान का बहिष्कार भी किया। मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। इस चरण में करीब 1.07 करोड़ मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव करने के लिए पात्र हैं।

इसके लिए 116 पंचायत समितियों में 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राज्य में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 22 अक्टूबर को 104 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 293 और पंचायत समिति के 1,788 वार्ड के लिए मतदान हुआ था।

दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को 124 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 352 और पंचायत समिति के 2,197 वार्ड के लिए मतदान कराया गया। तीसरे चरण के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मंगलवार को रहे चुनाव के बाद पंच व सरपंच पदों के लिए पांच नवंबर को मतदान होगा, जबकि उपसरपंचों का चुनाव छह नवंबर को कराया जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा।

वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। मतगणना 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव क्रमशः 25 और 26 नवंबर को कराए जाएंगे।

वहीं, पंचायत समिति प्रधान और उप प्रधान के चुनाव 27 और 28 नवंबर को होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़