Watch Video: सूरत रेलवे स्टेशन पर पैटीज खाते दिखा चूहा, वीडियो वायरल के बाद रेलवे ने बंद कराया टी स्टॉल

Surat Railway Station Rat Video
Viral Video
एकता । Sep 1 2026 11:59AM

सूरत रेलवे स्टेशन के फूड स्टॉल पर चूहे द्वारा पैटीज खाने का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने तुरंत कार्रवाई की है। वेस्टर्न रेलवे ने संबंधित स्टॉल को बंद कराकर सैनिटाइजेशन करवाया और संचालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। हाल ही में स्टेशन पर सफाई और पेस्ट कंट्रोल अभियान चलाए जाने के बावजूद यह लापरवाही सामने आई है।

सूरत रेलवे स्टेशन से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रेलवे स्टेशन के अंदर एक चाय की दुकान के ग्लास डिस्प्ले काउंटर में चूहा पैटीज खाते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना ने रेलवे के फूड स्टॉल पर मिलने वाले खाने की साफ-सफाई और हाइजीन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि एक यात्री ने 29 अगस्त की सुबह इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में चूहा कांच के काउंटर के अंदर रखे खाने के सामान के बीच एक पैटीज को खाते हुए नजर आ रहा है। यह खाना यात्रियों के लिए रखा गया था।

वीडियो सामने आते ही बंद हुआ स्टॉल

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। India Today की रिपोर्ट के मुताबिक, वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि रेलवे को वीडियो की जानकारी मिलते ही संबंधित स्टॉल को तुरंत बंद कर दिया गया।

स्टॉल बंद करने के बाद वहां सफाई और सैनिटाइजेशन का काम कराया गया। इसके अलावा रेलवे के कमर्शियल विभाग ने स्टॉल संचालक के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है। रेलवे इस मामले में स्टॉल का कॉन्ट्रैक्ट स्थायी रूप से खत्म करने जैसे कदमों पर भी विचार कर रहा है।

इसे भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री Kiren Rijiju ने अरुणाचल प्रदेश की वायरल बच्ची Tinkle से वीडियो कॉल पर की बात

कुछ दिन पहले ही चला था डीप क्लीनिंग अभियान

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कुछ दिन पहले ही वेस्टर्न रेलवे ने सूरत और उधना रेलवे स्टेशन के फूड स्टॉल पर डीप क्लीनिंग और सैनिटाइजेशन अभियान चलाने की जानकारी दी थी।

इस अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर खाने-पीने की दुकानों में साफ-सफाई और हाइजीन के स्तर को बेहतर करना था। ऐसे में चूहे के खाने के काउंटर में पहुंचने की घटना ने रेलवे के सफाई अभियान पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

16 अगस्त को भी हुआ था पेस्ट कंट्रोल

विनीत अभिषेक के मुताबिक, 16 अगस्त को सूरत रेलवे स्टेशन पर पेस्ट और रोडेंट कंट्रोल भी कराया गया था। रेलवे का कहना है कि सफाई और हाइजीन से जुड़े नियमों में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब वायरल वीडियो के बाद संबंधित स्टॉल पर कार्रवाई की जा रही है और रेलवे यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है कि यात्रियों को साफ और सुरक्षित खाना मिल सके।

All the updates here:

अन्य न्यूज़