World Championship में Sujeet Kalakal हारे, तजाकिस्तान के कुदियेव ने तोड़ा 24 मैचों का अजेय क्रम

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अस्ताना में विश्व चैम्पियनशिप के 65 किग्रा क्वार्टर फाइनल में भारतीय पहलवान सुजीत कलकल तजाकिस्तान के अब्दुल मजीद कुदियेव से 3-3 के स्कोर पर अंतिम अंक नियम से मुकाबला गंवा बैठे। पिछले बारह महीनों में लगातार सात खिताब जीतने के बाद उनकी यह पहली हार है। इस बीच तनु शर्मा ने 72 किग्रा वर्ग के रेपेशाज में कांस्य पदक अपने नाम किया।

पिछले एक साल से शानदार प्रदर्शन कर रहे सुजीत कलकल का विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने का सपना फिर अधूरा रहा और वह पुरूषों के 65 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के अब्दुल मजीद कुदियेव से हार गए। पिछले बारह महीने में अंडर 23 विश्व चैम्पियनशिप, 2026 एशियाई चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों समेत सात खिताब जीत चुके सुजीत पिछले साल जगरेब में विश्व चैम्पियनशिप के रेपेशाज दौर के बाद से पहली बार हारे हैं। सुजीत ने एशियाई खेलों के फाइनल में इसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 2 . 9 से पिछड़ने के बाद लगातार आठ अंक बनाकर स्वर्ण पदक जीता था।

लेकिन उस प्रदर्शन को यहां दोहरा नहीं सके। इसके साथ ही सुशील कुमार (2010) के बाद अपना दूसरा विश्व चैम्पियन देखने की भारत की उम्मीदों पर भी पारी फिर गया। सुजीत ने सक्रिय नहीं होने के कारण पहला अंक गंवा दिया लेकिन पहले पीरियड के खत्म होने से पांच सेकंड पहले कुदियेव को गिराकर 2 . 1 की बढत बनाई।

इसके बाद कुदियेव को निष्क्रियता का खामियाजा भुगतना पड़ा और सुजीत की बढत 3 . 1 की हो गई। आखिरी 30 सेकंड में मैच का रूख पलट गया। सुजीत ने कुदियेव को चित करने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।

जवाबी हमले में कुदियेव ने भी यही रणनीति अपनाई। मैट रैफरी ने सुजीत को दो अंक नहीं दिये लेकिन चेयर अंपायर ने यह अंक दिये। कुदियेव को बाहर कदम निकालने पर एक अंक मिला जिससे सुजीत की बढत 5 . 2 की हो गई।

कुदियेव ने इस फैसले को चुनौती दी और जीते जिससे सुजीत के दो अंक रद्द हुए और कुदियेव को दो अंक मिले। स्कोर अब 3 . 3 था। निर्णायक मूव में सुजीत कुछ कर नहीं पाये और आखिरी अंक बनाने के मानदंड के आधार पर कुदियेव को जीत मिली।

अन्य मुकाबलों में तनु शर्मा ने महिलाओं के 72 किलो वर्ग में ट्यूनीशिया की जैनब एस को रेपेशाज दौर में 5 . 4 से हराकर कांस्य पदक जीता। वहीं सृष्टि महिलाओं के 68 किलो रेपेशाज में अमेरिका की कैनेडी ब्लेड्स से हारकर बाहर हो गई। मनीषा भानवाला महिलाओं के 59 किलो सेमीफाइनल में पहुंच गई जिन्होंने मंगोलिया की बोलोरतुया के को 6 . 0 से हराया।

इससे पहले उन्होंने कनाडा की लॉरेंस ब्यूरेगार्ड को हराया था। महिलाओं के 55 किलोवर्ग में अहिल्या शिंदे ने क्यूबा की येनेलिस सांज वर्डेसिया को 8 . 1 स हराया लेकिन तुर्की की तूबा देमिर से 6 . 9 से हार गई। पुरूषों के 97 किलो वर्ग में विकी ने सार्को कोलमेनारेज को 8 . 2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई लेकिन जापान के अराश योशिडा से तकनीकी श्रेष्ठता पर 2 . 12 से हार गए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़