MCOCA और NDPS केस में वांछित मां-बेटा गिरफ्तार, Delhi Police ने दबोचा

मादक पदार्थ तस्करी के संगठित गिरोह से जुड़े मामलों में फरार चल रही नीलम राणा और उसके बेटे राहुल को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी तिलक नगर में दर्ज मकोका और ख्याला थाने के एनडीपीएस मामले में वांछित थे। पुलिस के अनुसार इस परिवार ने हेरोइन के अवैध कारोबार से अकूत संपत्ति बनाई थी।
दिल्ली पुलिस ने एक संगठित मादक पदार्थ गिरोह का हिस्सा होने और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत दर्ज मामलों में वांछित 47 वर्षीय महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान नीलम राणा और राहुल राणा (27) के रूप में हुई है, जिन्हें मंगलवार को दिल्ली में उनके संबंधित आवासीय ठिकानों से गिरफ्तार किया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे इस साल फरवरी में तिलक नगर थाने में दर्ज मकोका के एक मामले और 2021 में ख्याला थाने में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में वांछित थे। पुलिस ने बताया कि मकोका का मामला हेरोइन की खरीद और बिक्री में शामिल एक कथित संगठित आपराधिक गिरोह से संबंधित है, जिसमें नीलम के पति और राहुल के पिता राजेश राणा उर्फ बंटी को इसका कथित सरगना बताया गया है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ मामले में आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
पुलिस के मुताबिक, नीलम 1995 से अब तक आबकारी कानून के उल्लंघन और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों समेत 13 आपराधिक मामलों में शामिल रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के दो अन्य मामलों में भी उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट लंबित थे। अधिकारी ने कहा कि राहुल का नाम 2021 के एक एनडीपीएस मामले में भी है।
जांच से पता चला है कि इस परिवार ने हेरोइन की खरीद और बिक्री के लिए एक संगठित गिरोह बनाया था और इसकी कमाई से काफी संपत्ति अर्जित की गई है। अधिकारी ने कहा कि राजेश राणा की गिरफ्तारी के बाद नीलम और राहुल छिप गए थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
अन्य न्यूज़













